कोरबा@M4S:बनते-बिगड़ते मौसम में कभी बारिश तो कभी उमस भारी गर्मी ने जहां बेचैन कर रखा है, तो वहीं विभिन्न प्रजाति के सांपों का बिलों से बाहर निकल कर इधर-उधर घुस जाने का सिलसिला जारी है। शहर क्षेत्र में दो कोबरा और एक घोड़ा करैत का जोखिम भरा रेस्क्यू रोंगटे खड़े कर देने वाला रहा।
जिले के कोहडिय़ा गांव में रविवार की रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक दुकान में रखे साउंड बॉक्स से अचानक म्यूजिक की जगह कोबरा की फुफकार सुनाई देने लगी। आवाज सुनकर दुकानदार और आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूएर सोसायटी (आरसीआरएस) टीम को दी। सूचना मिलते ही आरसीआरएस टीम के अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अविनाश यादव की निगरानी में टीम सदस्य अतुल ने साहस और अनुभव का परिचय देते हुए सावधानीपूर्वक साउंड बॉक्स खोला। जैसे ही बॉक्स खुला, अंदर ज़हरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। कुछ देर की मशक्कत के बाद अतुल ने बड़े ही सुरक्षित तरीके से कोबरा को बॉक्स से बाहर निकाला और पकडक़र जंगल में छोड़ दिया। इस पूरे रेस्क्यू के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और आरसीआरएस टीम की सराहना की।

इसी तरह रिसदी के एक पान दुकान में जहरीला घोड़ा करैत निकला। दुकान में अचानक घोड़ा करैत सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही दुकान संचालक घबरा गया और तुरंत इसकी सूचना आरसीआरएस संस्था के अध्यक्ष अविनाश यादव को दी।अविनाश यादव ने टीम के सदस्य सागर, अजय, अतुल के साथ मौके पर पहुँच कर थोड़ी देर सावधानीपूर्वक सर्च करने के बाद उन्होंने सांप को ढूंढ निकाला। विशेषज्ञता और पूरी सतर्कता से काम करते हुए टीम ने इस जहरीले कॉमन करैत को बिना किसी नुकसान के सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। इन घटनाओं से लोग दहशत में रहे।





































