भोपाल(एजेंसी):मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां बुधवार तड़के एक 70 वर्षीय रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की उनके ही घर में गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामले में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय राकेश अग्रवाल अपने घर में पत्नी के साथ रह रहे थे। जिस वक्त यह वारदात हुई, उनकी पत्नी दूसरे कमरे में गहरी नींद में सो रही थीं, इसलिए उन्हें घटना की भनक तुरंत नहीं लग पाई। प्राथमिक जांच में पुलिस का शक घर के एक घरेलू नौकर पर गया है, जो इस घटना के बाद से ही रहस्यमय तरीके से गायब है।
चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित परिवार ने महज दो दिन पहले ही एक नए घरेलू नौकर को काम पर रखा था, और वही नया नौकर घटना के बाद से फरार और अता-पता नहीं है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
गौरतलब है कि पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें फरार संदिग्ध नौकर की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस हत्या के पीछे की असल वजह रंजिश, लूटपाट या कोई अन्य विवाद का पता लगाने के लिए हर एंगल से जांच कर रही है। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम (FSL) ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सूरज नगर इलाके की है। मृतक की पहचान 70 वर्षीय रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस को इस घटना की सूचना बुधवार सुबह करीब 5 बजे मिली, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी।




