हाईटेक होगी रेंज की पुलिसिंग,वाट्सएप पर तामील होगा ई-समन, थानों से होगी गवाही

- Advertisement -

 रेंज के आईजी राम गोपाल गर्ग ने ली बैठक, अवैध प्रवासियों के सत्यापन और ई-साक्ष्य पर जोर
बिलासपुर@M4S:बिलासपुर रेंज में अब पुलिसिंग पूरी तरह डिजिटल और हाई-टेक अंदाज में नजर आएगी। पुलिस आईजी रामगोपाल गर्ग ने मंगलवार को बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के एसएसपी और एसपी की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में पुलिसिंग को त्वरित और पारदर्शी बनाने के लिए ई-समन, न्याय श्रुति और डिजिटल ई-साक्ष्य पर बड़ा फैसला लिया गया। आईजी ने कहा कि जारी अधिसूचना के मुताबिक अब ई-समन वॉट्सएप के जरिए भी तामील कराया जा सकेगा। इसमें प्राप्तकर्ता का ओके लिखा हुआ स्क्रीनशॉट कानूनी रूप से मान्य होगा। इसके अलावा समन और वारंट की मॉनिटरिंग के लिए थानों में गूगल शीट का उपयोग किया जाएगा, ताकि अनावश्यक पत्राचार खत्म हो और मामलों का निपटारा तेजी से हो सके। सुरक्षा के लिहाज से समाधान एप के जरिए अवैध प्रवासियों, किरायेदारों और फेरीवालों का नियमित सत्यापन कर साप्ताहिक रिपोर्ट रेंज कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए एफआईआर दर्ज करते समय वाहन के इंजन व चेसिस नंबर की एंट्री अनिवार्य कर दी गई है।
बॉक्स
हर जिले में बनेगा मॉडल सीसीटीएनएस थाना
आईजी ने कहा कि न्याय श्रुति प्रोजेक्ट के तहत अब गवाहों को बार-बार कोर्ट के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। थानों में वीसी सेटअप के जरिए सीधे कोर्ट में गवाही दर्ज कराई जाएगी। साथ ही, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 105 के तहत जब्ती और तलाशी की वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य कर दी गई है। इसके लिए हर जिले में एक मॉडल सीसीटीएनएस थाना शुरू किया जाएगा।

Related Articles