कोरबा@M4S: कोरबा के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पोलमी के आश्रित मोहल्ला कारीछापर निवासी 38 वर्षीय कुंवर सिंह धनवार मजदूर था। वह शनिवार की सुबह अपनी पत्नी को खाना बनाने के लिए बोलकर नहाने के लिए तालाब गया था। इसके बाद वह नहीं लौटा। कुछ घंटे बाद जब पत्नी ने तालाब जाकर देखा तो उसका कपड़ा पचरी में पड़ा था। आसपास खोजने पर भी वह नहीं मिला। तब पत्नी ने घर लौटकर परिजन को इसकी जानकारी दी। परिजन ने आसपास क्षेत्र में खोजबीन की। तालाब में डूबने के संदेह में रविवार को सरपंच ने तालाब में जाल डालकर खोजबीन कराई। इसके बाद भी कुंवर का पता नहीं चला। इधर सुबह जब ग्रामीण तालाब में पहुंचे तो उन्हें कुंवर का शव पानी के ऊपर दिखा। इसकी सूचना परिजन समेत पाली पुलिस को दी। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।






