जमुई में शादी समारोह में खाना खाने के बाद 50 से अधिक लोग बीमार, गांव पहुंची डॉक्टरों की टीम

- Advertisement -

बोड़वा (जमुई)(एजेंसी):झाझा नगर क्षेत्र के चरघरा मोहल्ले में खुशियों वाले एक घर में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब शादी समारोह के दौरान भोजन करने से एक ही परिवार के 50 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए।

घटना चरघरा निवासी विशेश्वर साव के पुत्र चंदन की शादी के दौरान की है। रविवार की शाम घर में बने विशेष भोजन को ग्रहण करने के बाद देर रात से ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी थी।

शुरुआत में स्वजनों ने इसे भीषण गर्मी का असर समझा, लेकिन सोमवार की सुबह होते-होते बच्चों और बुजुर्गों समेत दर्जनों लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की गंभीर शिकायतें होने लगीं।

स्थिति बेकाबू होते देख आनन-फानन में इसकी सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झाझा को दी गई। अस्पताल प्रशासन अलर्ट मोड पर आया और डॉ. नौशाद के नेतृत्व में एक विशेष मेडिकल टीम चरघरा पहुंची।

बीमारों का इलाज जारी

टीम में सीएचओ अशोक धायल, होशियार सिंह, कैलाश सहनी, भरत सिंह, कृष्णा सिंह और अंकित कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी शामिल थे, जिन्होंने मौके पर ही कैंप लगाकर बीमारों का इलाज शुरू किया।

चिकित्सकों के अनुसार, दूषित भोजन और बढ़ते तापमान के मेल ने संक्रमण को और गंभीर बना दिया। प्राथमिक उपचार और ओआरएस के घोल के वितरण के बाद कई लोगों की स्थिति में सुधार देखा गया।

हालांकि, गंभीर रूप से प्रभावित कुछ मरीजों पर स्वास्थ्य टीम लगातार नजर बनाए हुए है। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया है और शादी की खुशियां चिंता में तब्दील हो गई हैं। फिलहाल, सभी पीड़ितों का उपचार जारी है।

Related Articles