कोल डस्ट से राहत नहीं, आंदोलन की चेतावनी

- Advertisement -

कोरबा@M4S:हरदीबाजार-दीपका बायपास सड़क पर कोयले के परिवहन में लगे भारी वाहनों के कारण कोल डस्ट उड़ने से राहगीर परेशान हैं। सड़क पर पानी का छिड़काव कराकर उड़ते कोल डस्ट से राहत नहीं देने पर जिला महिला कांग्रेस कमेटी कोरबा (ग्रामीण) अध्यक्ष प्रभा तंवर ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
एसईसीएल दीपका एरिया के जीएम कार्यालय में सौंपे ज्ञापन में जनपद सदस्य तंवर ने कहा है कि हरदीबाजार-दीपका बायपास सड़क पर 24 घंटे भारी वाहनों की आवाजाही होती है। इससे सड़क से आवाजाही कर रहे गेवरा व दीपका क्षेत्र के स्कूलों में अध्ययनरत छात्रों, एसईसीएल के गेवरा व दीपका खदानों में कार्यरत नियमित व ठेका कर्मियों के साथ आमजनों को कोल डस्ट उड़ने से परेशानी होती है। इनकी आवाजाही के लिए यह एकमात्र सड़क भी है। भारी वाहनों के गुजरने पर धूल का गुबार उड़ने से दिन में भी सामने से आने वाले वाहन नजर नहीं आते हैं। सुबह, दोपहर व शाम को नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए। रात में सुरक्षित आवाजाही के लिए रोड किनारे खंभे लगाकर लाइटें लगाई गई है। इनमें कई स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही है। दीपका से हरदी बाजार रोड में निरंतर पानी छिड़काव एवं थाना चौक से आगे मोड़ तक रोड में जमे हुए कीचड़ को समय समय पर साफ करने से धूल कम उड़ेगा। साथ ही हरदी बाजार रोड में ट्रकों को दो तीन लाइन से खड़ा कर दिए जाने से आए दिन रोड जाम लगा रहता है, जिससे कि आम लोगों के साथ साथ स्कूल बस, यात्री बस को आने जाने में घंटों जाम में रुकना पड़ता है।

Related Articles