बिलासपुर@M4S:टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की बेहतर सुविधा सुनिश्चित करने, बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने तथा यात्रियों को टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “नाका टिकट चेकिंग अभियान” चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 30 मई 2026 को मंडल के चाम्पा स्टेशन में नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन व सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री डी एस चौहान के नेतृत्व में चलाये गए इस अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सहभागिता रही |

इस दौरान चाम्पा स्टेशन से गुजरने वाली 17 ट्रेनों तथा स्टेशन में टिकट जांच की गई। जांच के दौरान 264 मामलों से कुल ₹1,62,565 का जुर्माना वसूला गया। जिसमें बिना टिकट यात्रा के 192 मामलों से 01 लाख 28 हजार 835 रुपये, अनियमित टिकट के 61 मामलों से 32 हजार 630 रुपये, बिना बुक किए गए लगेज के 11 मामलों से 01 हजार 100 रुपए शामिल है ।
रेल प्रशासन यात्रियों सेआग्रह करता है कि वे यात्रा के लिए उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें | स्टेशन परिसर में प्रवेश से पूर्व प्लेटफार्म टिकट अवश्य खरीदें। एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज का ही उपयोग करें। रेलगाड़ी राष्ट्रीय संपत्ति है, इसे स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में रेल प्रशासन का सहयोग करें।






