मुंबई/पुणे(एजेंसी):महाराष्ट्र में टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) पेपर लीक का मामला अब एक बड़े और सुनियोजित अंतर-राज्यीय सिंडिकेट (गिरोह) के रूप में सामने आया है। पुलिस ने बिहार के एक व्यक्ति को इसका मास्टरमाइंड माना है और इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए बिहार, यूपी, दिल्ली और हरियाणा में टीमें भेजी हैं।
इस बीच महाराष्ट्र सरकार ने उम्मीदवारों को भरोसा दिलाया है कि स्थगित परीक्षा के लिए दोबारा रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी और इसकी नई तारीख तय की जाएगी।
बिहार के बिजेंद्र गुप्ता की पुलिस को तलाश
पुलिस को शक है कि बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला विजेंद्र गुप्ता इस रैकेट का सरगना है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर उसकी पहचान इसी रूप में की है। जांच करने वालों का दावा है कि गुप्ता कथित तौर पर ओडिशा, मध्य प्रदेश और बिहार में लगभग 25 सालों से परीक्षा पेपर लीक मामलों में शामिल रहा है।
तीन आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेजा गया
भिवंडी की एक अदालत ने रविवार को टेट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार तीन संदिग्धों (पटना के राजीव शाह (45), पटना के ही आकाश कुमार उर्फ सूरज सिंह (30) और हरियाणा के पानीपत के धीरज सिंह (28)) को 6 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया। इससे जांच करने वालों को कथित रैकेट की जांच के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत के कपिल दहिया की भी एक और वांछित आरोपी के तौर पर पहचान की है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांचकर्ता शिक्षा विभाग की मदद से हर प्रश्न-पत्र पर छपे यूनिक क्यूआर कोड के जरिए लीक के स्रोत का पता लगा रहे हैं। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद को 28 जून को होने वाली टेट परीक्षा को उसके तय समय से एक दिन पहले रद करना पड़ा था, जिससे छह लाख से ज्यादा उम्मीदवार प्रभावित हुए।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने क्या कहा?
टीचर संगठनों ने सीनियर टीचरों के प्रमोशन के लिए टेट को जरूरी बनाने वाली पॉलिसी की समीक्षा करने की मांग फिर से उठाई है। स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और उम्मीदवारों को भरोसा दिलाया है कि परीक्षा दोबारा कराई जाएगी, जिसके लिए उन्हें न तो नए आवेदन करने होंगे और न ही परीक्षा फीस देनी होगी।
टेट परीक्षा महाराष्ट्र भर के 1,028 सेंटरों पर आयोजित होने वाली थी। भुसे ने कहा, “दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” और साथ ही यह भी कहा कि परीक्षा की नई तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी।






