नई दिल्ली(एजेंसी):इन दिनों दो बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन और फ्लिपकार्ट पर सेल चल रही है। सेल के दौरान स्मार्टफोन और कई दूसरे गैजेट्स पर भारी डिस्काउंट का दावा किया जा रहा है। हालांकि, कई बार ऐसा भी होता है कि सेल शुरू होने से पहले कीमत बढ़ा दी जाती है और इसके बाद फिर से प्राइस कम करके बड़ा डिस्काउंट दिखाया जाता है।
ऐसे में ये समझना मुश्किल हो जाता है कि क्या प्रोडक्ट वाकई सस्ता हुआ है या नहीं। ऐसे में अगर आप भी किसी स्मार्टफोन को खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो एक फ्री टूल आपकी काफी मदद कर सकता है। इससे आप न सिर्फ फोन का प्राइस कंपैरिजन कर सकते हैं बल्कि उसकी प्राइस हिस्ट्री भी देख सकते हैं…
क्या है इस टूल का नाम?
दरअसल हम जिस टूल की बात कर रहे हैं उसका नाम Buyhatke है जो एक फ्री Chrome Extension है। इसे इंस्टॉल करने के बाद आप Amazon, Flipkart और कई अन्य ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट्स पर किसी भी प्रोडक्ट की प्राइस हिस्ट्री चेक कर सकते हैं।
साथ ही ये टूल बताता है कि किसी फोन या दूसरे प्रोडक्ट की कीमत पिछले कुछ महीनों में कितनी रही है और मौजूदा ऑफर सच में फायदेमंद है या नहीं। इसके अलावा ये टूल वही सेम प्रोडक्ट अन्य वेबसाइट पर भी कीमत के साथ शो करता है।
Buyhatke कैसे करें इस्तेमाल?
- सबसे पहले Chrome Web Store से Buyhatke Extension इंस्टॉल करें।
- इसके बाद Chrome ब्राउजर में Amazon या Flipkart ओपन करें।
- जिस स्मार्टफोन को खरीदना चाहते हैं, उसका प्रोडक्ट पेज ओपन करें।
- अब एक्सटेंशन आपको कीमत का ग्राफ दिखाएगा।
- इससे आप आसानी से समझ पाएंगे कि अभी की कीमत सबसे कम है या नहीं।
मिलते हैं और भी यूजफुल फीचर्स
Buyhatke टूल सिर्फ प्राइस हिस्ट्री ही नहीं शो करता, बल्कि कुछ मामलों में ये प्राइस ड्रॉप अलर्ट, डील ट्रैकिंग और अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कीमत की तुलना जैसी सुविधाएं भी ऑफर करता है। इससे आप बेहतर फैसला ले सकते हैं।







