बांकीमोंगरा में मूलभूत सुविधाओं को लेकर आमजन ने नगर पालिका से उठाई आवाज

- Advertisement -

 सड़क पर टेंट-पंडाल, अवैध पार्किंग और निर्माण पर जुर्माने के साथ 12 बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग
कोरबा@M4S:नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं और यातायात व्यवस्था को लेकर आमजनों ने नगर पालिका अधिकारी, अध्यक्ष व पार्षदों का ध्यान आकृष्ट कराया है। आम जनता की ओर से सौंपे गए पत्र में सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने से लेकर फुटपाथ निर्माण, अवैध पार्किंग, आवारा पशुओं और सड़क पर टेंट-पंडाल लगाने जैसी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
मीडिया4सपोर्ट संवाददाता  ने बताया मनहरण साहू ने बताया की जनहित में दिए गए पत्र में कहा गया है कि प्रमुख मार्गों की दोनों दिशाओं में निर्धारित व सुरक्षित दूरी तक सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाए जाएं। साथ ही आम लोगों के सुरक्षित पैदल आवागमन के लिए प्रमुख सड़कों के किनारे फुटपाथ का निर्माण कराया जाए। फुटपाथ के अभाव में पैदल चलने वालों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। आमजनों ने कॉलोनियों में सड़क तक किए गए अवैध निर्माण पर भी कार्रवाई की मांग की है। पत्र में बाउंड्रीवाल, भवन, दुकान, पिलर, चेकर और टाइल्स आदि के माध्यम से मार्ग की चौड़ाई प्रभावित करने वालों पर कार्रवाई की मांग की गई है। मकानों के सामने सड़क से लगाकर बड़े पत्थर रखने वालों को नोटिस देने तथा आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित थाने में एफआईआर कराने की मांग भी रखी गई है। व्यापारियों द्वारा दुकान के निर्धारित दायरे से बाहर सामान फैलाने और सड़क किनारे विज्ञापन बोर्ड, बैनर व पोस्टर लगाकर आवागमन बाधित करने पर भी कार्रवाई की मांग की गई है। ऐसे सामान को हटाने के साथ जरूरत पड़ने पर जब्ती और नियमानुसार जुर्माना लगाने की बात कही गई है।इसके अलावा बिना अनुमति सड़क पर टेंट-पंडाल लगाकर मार्ग बाधित करने, लंबे समय तक सड़क किनारे वाहन अथवा कबाड़ वाहन खड़े रखने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की गई है। आमजनों का कहना है कि सामुदायिक भवन उपलब्ध होने के बावजूद निजी आयोजनों के लिए सड़क पर पंडाल लगाना उचित नहीं है। पत्र में निजी जरूरतों के लिए सड़क काटने, मनमाने तरीके से ब्रेकर बनाने अथवा सड़क से छेड़छाड़ करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने की मांग की गई है। बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव की समस्या को देखते हुए इस पर प्रभावी रोक जरूरी बताई गई है। वहीं सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को तत्काल पकड़कर सुरक्षित स्थान पर रखने की मांग की गई है, ताकि वाहन चालकों को दुर्घटना का सामना न करना पड़े।

हर वार्ड में बने सफाई निगरानी समिति
आमजनों ने प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए समिति गठित करने का सुझाव भी दिया है। समिति द्वारा अपने वार्ड की साफ-सफाई की स्थिति से समय-समय पर नगर पालिका परिषद को अवगत कराने की मांग की गई है। पत्र में नगर पालिका के अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से दल और राजनीति से ऊपर उठकर जनहित में कठोर व प्रभावी निर्णय लेने की अपील की गई है। आमजनों ने उम्मीद जताई है कि इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर बांकीमोंगरा में सुरक्षित आवागमन, स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

Related Articles