जम्मू(एजेंसी):मानसून के बीच जम्मू संभाग के कई जिलों में निरंतर बारिश का सिलसिला जारी है। जम्मू संभाग के जिला ऊधमपुर के देवाल क्षेत्र में भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुए राजमार्ग के हिस्से को चौड़ा करने और उसे बेहतर बनाने के लिए शुक्रवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रखी जाएगी।
पिछले दिनों देवाल क्षेत्र में भारी भूस्खलन के बाद हाईवे लगातार प्रभावित हो रहा है। हालांकि दोनों तरफ से आंतरिक हिस्सों में आवाजाही बहाल रहेगी। बारिश से कटड़ा-सांझीछत हेलीकाप्टर सेवा प्रभावित रही। वहीं, घाटी में मौसम साफ रहने से गर्मी के साथ उमस ने परेशान किया। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने जम्मू संभाग के लगभग सभी दस जिलों में आगामी पांच अगस्त तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसमें 100 से 200 मिलीमीटर भारी बारिश से बाढ़, भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने का खतरा रहेगा। जम्मू के कई हिस्सों में वीरवार शाम काली घटाएं छाने के साथ बारिश हुई। 25.2 मिलीमीटर बारिश होने के साथ दिन का तापमान 33.9 डिग्री दर्ज किया गया। लेकिन उमस ने परेशान किया, यहां सापेक्षिक आर्द्रता सुबह 85 प्रतिशत और शाम को 65 प्रतिशत रही।
बनिहाल में अधिकतम तापमान 29.5, बटोत में 26.9, कटड़ा में 30.6 और भद्रवाह में 28.4 डिग्री दर्ज किया। ऊधमपुर और कठुआ में भी बारिश हुई। घाटी में मौसम खुला रहा। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 31.4, पहलगाम में 25.8 और गुलमर्ग में 20.7 डिग्री दर्ज किया गया। गुलमर्ग में शाम तक 9.6 मिमी., कटड़ा में 6.6 मिमी, कुपवाड़ा में 0.8 मिमी तथा बटोत में 0.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
आज पुंछ जिले में बंद रहेंगे स्कूल,मौसम संबंधी सलाह का करें पालन
राजौरी मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) पुंछ ने जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में 31 जुलाई को अवकाश घोषित किया है। विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल के कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए मौसम सामान्य होने तक यह एहतियाती कदम उठाया गया है।








