‘होर्मुज जाकर खुद तेल लें या अमेरिका से खरीदें’, ईरान युद्ध के बीच ट्रंप ने अन्य देशों से कहा

- Advertisement -

नई दिल्ली(एजेंसी):पश्चिम एशिया में जारी संकट आज अपने 32वें दिन में प्रवेश कर गया है। ट्रंप लगातार ईरान के साथ हो रही बातचीत के सकारात्मक होने का दावा कर रहे हैं, साथ ही ईरान को हमले की धमकी भी दे रहे हैं। इस बीच अब ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट बंद होने के कारण दूसरे देशों का मजाक उड़ाया है।

ट्रंप ने कहा है कि जो देश होर्मुज बंद होने के कारण जेट ईंधन की कमी का सामना कर रहे हैं, उन्हें थोड़ी हिम्मत दिखाते हुए होर्मुज जाकर उसे खुलवाने की कोशिश करनी चाहिए। ट्रंप ने कहा कि दूसरा ऑप्शन ये है कि ऐसे देश अमेरिका से तेल खरीदें।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया साइट ट्रूथ सोशल पर लिखा, ‘वे सभी देश जिन्हें होर्मुज जलडमरूमध्य की वजह से जेट फ्यूल नहीं मिल पा रहा है— जैसे कि यूनाइटेड किंगडम, जिसने ईरान को कमजोर करने की मुहिम में शामिल होने से इनकार कर दिया था—उनके लिए मेरे पास एक सुझाव है: नंबर 1- यूएस से खरीदें, हमारे पास इसकी कोई कमी नहीं है। और नंबर 2- थोड़ी हिम्मत जुटाएं, उस जलडमरूमध्य तक जाएं और बस उसे ले लें।’

ट्रंप ने आगे लिखा, ‘अब आपको अपने लिए खुद लड़ना सीखना होगा; यूएसए अब आपकी मदद के लिए वहां मौजूद नहीं रहेगा—ठीक वैसे ही, जैसे आप हमारे लिए मौजूद नहीं थे। असल में, ईरान पूरी तरह से तबाह हो चुका है। मुश्किल काम हो चुका है। अब जाएं और अपना तेल खुद हासिल करें!’

ट्रंप ने एक पोस्ट में फ्रांस पर भी निशाना साधा। उन्होंने लिखा, ‘फ्रांस ने इजराइल जा रहे उन विमानों को अपने क्षेत्र के ऊपर से उड़ने की अनुमति नहीं दी, जो सैन्य साजो-सामान से लदे हुए थे। ईरान के कसाई के मामले में फ्रांस का रवैया बेहद असहयोगी रहा है, लेकिन अब उस कसाई को सफलतापूर्वक खत्म कर दिया गया है! यूएस इसे याद रखेगा!’

Related Articles