कोरबा@M4S:जिले के सरकारी अस्पतालों में कार्यरत कर्मचारी और मरीज सुरक्षित नही है। इसका खुलासा एक बार फिर हो गया। नशे में धुत तीन ग्रामीण एक मरीज को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी में तैनात नर्सिंग स्टाफ से बदसलूकी व दुर्व्यवहार किया। उनके इस कृत्य की भनक लगने पर सहकर्मियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। घटना से आक्रोशित अधिकारी कर्मचारी थाना जा पहुंचे। वे कार्रवाई की मांग को लेकर तीन घंटे तक थाना के बाहर बैठे रहे। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है।
यह वाक्या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में गुरूवार की रात सामने आया। प्रतिदिन की तरह नर्सिंग स्टाफ अस्पताल में ड्यूटी पर थे। वे अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान नशे में धुत तीन व्यक्ति एक मरीज को लेकर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मरीज का तत्काल उपचार की मांग शुरू कर दी। नर्सिंग स्टाफ ने थोड़ा इंतजार करने की समझाईश दी, लेकिन वे मानने को ही तैयार नही थे। उन्होंने इलाज में देर होने की बात पर आपा खो दिया। वे नर्सिंग स्टाफ से अभद्रता पर उतारू हो गए। उन्होंने महिला कर्मियों से अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए दुर्व्यवहार व बदसलूकी शुरू कर दी। उनके इस रवैये से कर्मचारियों को गहरा आघात लगा। घटना के दौरान बीएमओ डॉ. अनिल शराफ भी मौजूद थे। युवकों को कृत्य से बाज नही आते देख डॉयल 112 को सूचना दी गई। डॉयल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर समझाईश देने का प्रयास किया, तो नशे में चूर युवक उनसे भी उलझ गए। पुलिस युवकों को अपने साथ थाना ले गई, लेकिन थाना ले जाने के बाद तीनों को छोड़ दिया गया। इस बात की भनक सुबह होते ही स्वास्थ्य कर्मियों को लग गई। पहले से आहत कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। वे एफआईआर व कार्रवाई की मांग को लेकर सीधे थाना जा पहुंचे। कर्मचारी करीब तीन घंटे तक थाना में ही बैठे रहे। आखिरकार पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया, तब कहीं जाकर स्वास्थ्य कर्मी थाना से अस्पताल लौटे। बताया जा रहा है कि पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में बांधापाली पहुंची थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। कटघोरा-बिलासपुर नेशनल हाइवे में सीएचसी पाली स्थित है। यहां रात्रि के समय प्रतिदिन दर्जनों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। कई बार मरीजों के साथ नशे में धुत लोग भी पहुंच जाते हैं। उनके द्वारा अभद्रता आमबात हो गई है। लिहाजा कर्मचारियों को सुरक्षा के अभाव में खौफ के बीच काम करना पड़ता है। इस समस्या से निजात दिलाने रात्रि में सुरक्षाकर्मी तैनात करने की मांग लंबे अर्से से की जा रही है। बावजूद इसके पहल नही हुई। अब एक बार फिर रात्रि में सुरक्षाकर्मी तैनात करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है।
नशेड़ी युवकों ने सीएचसी के कर्मचारियों से की अभद्रता कार्रवाई की मांग को लेकर तीन घंटे थाने में बैठे रहे स्वास्थ्य कर्मी
- Advertisement -






