क्या आपको पता है ?भारत ने जिसके खिलाफ दर्ज की थी पहली वनडे जीत, दुनिया में आज वो टीम है ही नहीं

- Advertisement -

नई दिल्‍ली(एजेंसी):सबसे ज्‍यादा वनडे खेलने वाली टीमों की लिस्‍ट में भारत इस समय टॉप पर है। टीम इंडिया ने 1974 से अब तक 1078 वनडे मैच खेले हैं और 574 में जीत दर्ज की है। ऑस्‍ट्रेलिया के बाद भारत वनडे में दूसरी सबसे ज्‍यादा मैच जीतने वाली टीम है।

हालांकि,भारत ने जिस टीम के खिलाफ अपना पहला वनडे मैच जीता था, दुनिया से आज उसका नामोनिशान मिट चुका है। इस टीम का नाम था ईस्‍ट अफ्रीका। ईस्ट अफ्रीका टीम में तब केन्या, युगांडा, तंजानिया और जाम्बिया देशों के खिलाड़ी खेलते थे।

1975 में पहला वनडे विश्‍व कप खेला गया था। इसी विश्‍व कप के अपने दूसरे मैच भारत ने ईस्‍ट अफ्रीका को 10 विकेट से शिकस्‍त दी थी। वनडे में भारत का यह चौथा मैच ही था। इससे पहले भारतीय टीम ने इंग्‍लैंड के खिलाफ 3 मैच खेले थे और उसे तीनों में हार का सामना करना पड़ा था।

मदन लाल ने चटकाए थे 3 विकेट

11 जून 1975 को श्रीनिवास वेंकटराघवन की कप्‍तानी वाली भारतीय टीम का सामना हरिलाल शाह के नेतृत्‍व वाली ईस्‍ट अफ्रीका से हुआ। तब वनडे 60 ओवर के होते थे। टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी ईस्‍ट अफ्रीका 120 रन पर ढेर हो गई।

जवाहर शाह ने सबसे ज्‍यादा 37 रन की पारी खेली थी। भारत की ओर मदन लाल ने 3 विकेट चटकाए थे। सैयद आबिद अली और मोहिंदर अमरनाथ के खाते में 2-2 विकेट आए थे।

भारत को मिली आसान जीत

121 रन के टारगेट को भारतीय टीम ने 30वें ओवर में ही बिना कोई विकेट गंवाए चेज कर लिया था। सुनील गावस्‍कर और फारुख इंजीनियर के बीच मैच विनिंग साझेदारी हुई थी। गावस्‍कर ने 86 गेंदों पर 65 रन की पारी खेली थी।

इस दौरान उन्‍होंने 9 चौके भी लगाए थे। वहीं फारुख ने 7 चौकों की बदौलत 93 गेंदों पर 54 रन बनाए थे। इस विश्‍व कप को वेस्‍टइंडीज ने जीता था। फाइनल में वेस्‍टइंडीज ने ऑस्‍ट्रेलिया को 17 रन से शिकस्‍त दी थी।

Related Articles