नई दिल्ली(एजेंसी): दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2020) मैच में रविवार (20 सितंबर) को किंग्स इलेवन पंजाब को सुपर ओवर में हराया। दिल्ली और पंजाब दोनों ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 157 रन का समान स्कोर बनाया था। इसके बाद सुपर ओवर में पहले किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से केएल राहुल और निकोलस पूरन बल्लेबाजी करने आए। वहीं, दिल्ली की तरफ से कगिसो रबाडा गेंदबाजी के लिए उतरे। रबाडा की पहली गेंद पर राहुल ने दो रन लिए। इसके बाद दूसरी गेंद पर राहुल और तीसरी गेंद पर निकोलस आउट हो गए। दिल्ली को जीत के लिए 6 गेंदों में 3 रनों की जरूरत थी। फिर दिल्ली की तरफ से श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए उतरे। मोहम्मद शमी ने गेंदबाजी की। शमी की पहली गेंद पर कोई रन नहीं आया। दूसरी गेंद वाइड रही, जिसका एक रन मिला। इसके बाद तीसरे गेंद पर ऋषभ पंत ने दो रन लिए। इस तरह सुपर ओवर में दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को मात देकर मैच में जीत हासिल की।
मार्कस स्टोयनिस की मात्र 21 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 53 रन की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मुकाबले में 20 ओवर में आठ विकेट पर 157 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया। इसके बाद किंग्स इलेव पंजाब की तरफ से मयंक अग्रवाल ने 60 गेंदों में 7 चौकों और 4 छक्कों के साथ शानदार 89 रन की पारी खेली। मयंक की इस शानदार पारी के दम पर पंजाब ने भी 8 विकेट पर 157 रन बनाए। जिससे मैच टाई हुआ और सुपरओवर में पहुंच गया।





































