नेपाल में सुरंग से 10 दिन बाद जिंदा बाहर निकाला गया चीनी नागरिक, टूटे-फूटे घर से महिला का भी रेस्क्यू

- Advertisement -

काठमांडू(एजेंसी):नेपाल में 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ के बाद लगातार राहत और बचाव कार्य जारी है। हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में फंसे एक चीनी कर्मचारी को 10 दिन बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

नेपाली सेना को एक और बड़ी सफलता मिली है। सेना ने क्षतिग्रस्त घर के अंदर दबी 64 वर्षीय महिला को सभी मुश्किलों के बावजूद जिंदा पाया। महिला का रेस्क्यू कर लिया गया है।

सुरंग से बाहर निकाला गया चीनी नागरिक

नेपाल के त्रिशूली से ही हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग से एक और रेस्क्यू हुआ है। बीते दिन 4 सितंबर को दो नेपाली मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया था। वहीं अब एक चीनी नागरिक को जिंदा बाहर निकाला गया है।

नेपाल की सेना ने बताया कि यह अभियान नेपाली सेना के जवानों और दक्षिण कोरिया के आपदा राहत विशेषज्ञों ने मिलकर चलाया था। कर्मचारी को 225 मीटर लंबी सुरंग से बचाया गया और उसकी मेडिकल जांच की जा रही है।

सेना ने इस रेस्क्यू ऑपरेशन की तस्वीरें भी जारी की हैं। चीनी नागरिक को हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट करते हुए दिखाया गया। इस यात्रा के दौरान सेना का एक मेडिकल कर्मी उसकी देखभाल कर रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि नेपाल में 12 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट से जुड़े करीब 900 कर्मचारी लापता हैं, जिनमें से करीब 500 के अलग-अलग सुरंगों के अंदर फंसे होने की आशंका है।

दो दिन के अंदर त्रिशूली की टनल में फंसे मजदूरों में से तीन का रेस्क्यू कर लिया गया है। टनल से बाहर निकाले गए लोगों को मेडिकल फैसिलिटी भी दी जा रही है।

10 दिन बाद टूटे-फूटे घर से सुरक्षित बची महिला

नेपाल के नुवाकोट शहर में भी सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। यहां से आज शनिवार, 5 सितंबर को एक टूटे-फूटे घर से 64 साल की महिला का रेस्क्यू किया गया।

महिला की पहचान चंडिका श्रेष्ठ के नाम से हुई है। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के 10 दिन बाद महिला को जिंदा बचाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें इलाज के लिए काठमांडू एयरलिफ्ट किया गया।

Related Articles