खेल-खेल में सीखेंगे बच्चे, शिक्षकों को 8 से स्कूल रेडीनेस की देंगे ट्रेनिंग  सुबह 11.30 से डेढ़ बजे तक यूट्यूब चैनल पर सीधा प्रसारण

- Advertisement -

कोरबा@M4S:कक्षा पहली में नवप्रवेशित बच्चों को विद्यालयी वातावरण के लिए तैयार करने के उद्देश्य से राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा 8 से 12 जून तक पांच दिवसीय वर्चुअल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर के कक्षा पहली पढ़ाने वाले सहायक शिक्षक शामिल होंगे।
यह प्रशिक्षण तीन माह के स्कूल रेडीनेस (शाला तैयारी) कार्यक्रम पर आधारित है, जिसे एनसीईआरटी और एससीईआरटी ने संयुक्त रूप से विकसित किया है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को अनौपचारिक शिक्षा से औपचारिक शिक्षा की ओर सहजता से ले जाना, विद्यालय के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना और सीखने की मजबूत नींव तैयार करना है। हिंदी माध्यम के शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तथा अंग्रेजी माध्यम के शिक्षकों के लिए दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। इसका सीधा प्रसारण एससीईआरटी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। प्रशिक्षण के पहले दिन स्कूल रेडीनेस की अवधारणा एवं महत्व,दूसरे दिन बच्चों के स्वास्थ्य और खुशहाली, तीसरे दिन भाषा एवं साक्षरता विकास,चौथे दिन संख्यात्मकता, पर्यावरण और वैज्ञानिक सोच तथा पांचवें दिन आकलन,समावेशी शिक्षा और कला-शिल्प गतिविधियों पर चर्चा होगी। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बच्चों के शारीरिक, सामाजिक-भावनात्मक, भाषाई और संज्ञानात्मक विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही अक्षर, ध्वनि, शब्द, रंग, आकार और संख्याओं की पहचान खेल-खेल में कराने की प्रभावी विधियां भी बताई जाएंगी।

Related Articles