नई दिल्ली(एजेंसी):मशहूर गायिका आशा भोसले (Asha Bhosle) अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 92 साल की गायिका को 11 अप्रैल 2026 को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पहले खबर आई कि आशा भोसले को कार्डियक अरेस्ट के चलते भर्ती कराया गया है, लेकिन बाद में उनकी पोती जनाई भोसले ने खुलासा किया कि उनकी दादी को चेस्ट इन्फेक्शन था। 12 अप्रैल को आशा भोसले का निधन हो गया। ANI के मुताबिक, ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर्स का कहना है कि आशा ताई का मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के चलते निधन हुआ।
मिलिंद सोमन के छलके आंसू
एएनआई के साथ बातचीत में मिलिंद सोमन ने आशा भोसले के निधन पर दुख जताया। इस दौरान अभिनेता अपने आंसू नहीं रोक पाए। वह काफी इमोशनल हो गए थे।
अंतिम विदाई देने पहुंचे एआर रहमान
आशा भोसले के निधन के बाद उनके निवास पर एआर रहमान दिग्गज गायिका को अंतिम विदाई देने पहुंचे हैं। इस दौरान वह बहुत भावुक दिखे।
अदनान सामी ने आशा जी को कहा – सुरो वाली मां
अदनान सामी ने आशा भोसले को याद करते हुए उन्हें सुरों वाली मां कहा. कई तस्वीरें शेयर कर उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की और लिखा- ‘मेरी सुरों वाली मां अब इस दुनिया से चली गई हैं. “इन आंखों की मस्ती” का वो नूर बुझ गया है, और “कभी तो नजर मिलाओ” अब आत्मा की विदाई पर कही गई आखिरी दुआ सा लगता है. जिस आवाज ने मां की गोद बनकर मुझे संभाला, आज वो खामोश है. लेकिन हर धुन में आज भी उनका हाथ मेरे सिर पर महसूस होता है- और हमेशा होता रहेगा. कभी-कभी दिल “खुदा हाफिज” कहने को भी नहीं करता. ‘
आशा भोसलें के निधन पर इमोशनल हुई प्रियंका
बॉलीवुड अदाकारा प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर इमोशनल पोस्ट लिखा है और बताया है कि उनकी जनरेशन के लिए आशा जी हमेशा लीजेंड ही रहेंगी। प्रियंका चोपड़ा के अनुसार, “कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिनके जाने पर ऐसा लगता है कि आपके बचपन की कोई अनमोल चीज चली गई है। ये लोग आपकी यादों का हिस्सा होते हैं और आपके घरवालों की तरह होते हैं। आशा जी हमेशा मेरे लिए वैसी ही रहेंगी।
सचिन तेंदुलकर ने आशा जी को किया याद
पॉपुलर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने आश भोसले के निधन पर गहरा दुख जताया और उनकी याद में एक्स पर ट्वीट किया।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने दी श्रद्धांजलि
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने भी आशा भोसले के निधन पर शोक जताया। श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने एक्स पर लिखा- भारत की सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के निधन से देश के संगीत क्षेत्र को अपार क्षति हुई है। कई दशकों तक उन्होंने अपनी साधना से फ़िल्मों के माध्यम से अजरामर गीतों द्वारा लोकरंजन के क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उनकी स्मृति में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है। भारत की सांस्कृतिक विरासत तथा देशभक्तों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा स्पष्ट रूप से अभिव्यक्त होती रही। उनके इस अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें सम्मानपूर्वक स्मरण किया जाएगा। ॐ शांति।
आशा भोसले के आवास पर पहुंचे CM फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई स्थित दिग्गज गायिका आशा भोसले के आवास पर पहुंचे। उनका निधन आज ब्रीच कैंडी अस्पताल में 92 वर्ष की आयु में हुआ
आशा भोसले की याद में भावुक शाह रुख
शाह रुख खान ने आशा भोसले के निधन पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “आशा ताई के निधन के बारे में जानकर सचमुच बहुत दुख हुआ। उनकी आवाज भारतीय सिनेमा के मुख्य स्तंभों में से एक रही है और आने वाली सदियों तक पूरी दुनिया में गूंजती रहेगी। उनकी प्रतिभा कई लोगों से भी ज्यादा समय तक जीवित रहेगी। उन्होंने हमेशा मुझ पर अपना आशीर्वाद और प्यार बरसाया और मुझे उनकी बहुत याद आएगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे, आशा ताई। मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं।”





































