सेनानी को हटाने के लिए उच्च अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजने का निर्णय
कोरबा@M4S:जिले के नगर सैनिकों ने हाल ही में अपने सेनानी एके एक्का के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 4 दिसंबर को होमगार्ड लाइन में संभागीय कमांडेंट की उपस्थिति में नगर सैनिकों का एक सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने सेनानी को हटाने के लिए उच्च अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजने का निर्णय लिया।सैनिकों ने अपने सीनियर अधिकारी के खिलाफ कई शिकायतें की है। जिसके मुताबिक, उन्हें ड्यूटी वाली जगह पर 24 घंटे रुकने के लिए कहा जाता है। ऐसा नहीं करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। इसके साथ ही एक्का पर रिश्वत लेने का आरोप भी लगाया। वहीं, महिला नगर सैनिकों का कहना है कि ड्यूटी के बाद उन्हें फिर से बुलाया जाता है, जिससे उन्हें आने-जाने में काफी परेशानी होती है। मामले में अधिकारी ने कहा है कि उच्च अधिकारी से मामले को अवगत कराया जाएगा। वहीं, निर्णय लेंगे। कुछ दिन पहले नगर सैनिकों ने सेनानी ए.के. एक्का पर ज्यादती का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया था।

जनरल परेड के लिए एकत्रित हुई महिलाएं और पुरुष नगर सैनिक अपने सेनानी के खिलाफ धरने पर बैठ गए थे। नगर सैनिकों का आरोप है कि उन्हें ड्यूटी स्थल पर 24 घंटे रुकने के लिए कहा जाता है। उनके साथ मजदूरों जैसा व्यवहार किया जाता है और नौकरी से बर्खास्त करने की धमकी भी दी जाती है। महिला नगर सैनिकों ने बताया कि दूरस्थ छात्रावास में ड्यूटी के बाद उन्हें बच्चों के साथ फिर से परेड के लिए बुलाया जाता है, जिससे उन्हें आने-जाने में काफी परेशानी होती है। सम्मेलन में अधिकारियों ने नगर सैनिकों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन सैनिक अपने सीनियर अधिकारी के प्रति कड़ा रुख अपनाए रहे और एक स्वर में सेनानी का विरोध किया। सम्मेलन में मौजूद संभागीय सेनानी ने बताया कि सैनिकों की समस्याओं को सुनने के लिए यह सम्मेलन आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि कमांडेंट के खिलाफ रखी गई बातों पर विचार किया जाएगा।





































