कोरबा@M4S: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कटघोरा स्थित एक पटाखा गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में इतना विकराल रूप ले लिया कि वह पटाखों के मुख्य ढेर तक पहुँच गई। इसके बाद गोदाम में एक के बाद एक कई तेज धमाके होने लगे, जिनकी गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई।
धमाकों की तीव्रता और लगातार उठती आग की लपटों के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुँच चुकी हैं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हालांकि, गोदाम के भीतर लगातार हो रहे पटाखों के धमाकों के कारण दमकलकर्मियों को बचाव कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आग लगने का स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आ पाया है। हादसा किस वजह से हुआ, आग लगने के वक्त गोदाम के भीतर कितने कर्मचारी मौजूद थे और इस घटना में कुल कितना नुकसान हुआ है, प्रशासन इन तमाम कड़ियों को जोड़ने और विस्तृत जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।






