कोरबा@M4S:कोरबा के चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पहंदा के पास बीती देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया,चांपा की ओर से आ रही ट्रेलर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलते हुए अचानक नियंत्रण खो बैठी और विपरीत दिशा,यानी कोरबा की ओर,घुस गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर ने पहले सड़क के बीच में लगी लोहे की रेलिंग को तोड़ा, इसके बाद सड़क किनारे सुरक्षा के लिए लगाई गई कंक्रीट से बनी रेलिंग को भी तोड़ते हुए आगे बढ़ गई।इस दौरान वाहन ने दोहरी सुरक्षा रेलिंग को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।घटनास्थल से नजदीकी रिहायशी घर की दूरी लगभग 100 मीटर बताई जा रही है।

गनीमत रही की ट्रेलर सड़क पर ही रुक गई,नहीं तो वाहन सीधे रिहायशी क्षेत्र की ओर बढ़ सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था।दुर्घटना रात के समय हुई,जिस कारण तत्काल किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई।सुबह जब ग्रामीणों ने घटनास्थल देखा तो ट्रेलर क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी मिली,जबकि चालक मौके से गायब था।हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है,लेकिन ट्रेलर चालक की लापरवाही ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है.





































