NH 130 पर तेज रफ्तार हाइवा पलटा  होटल से टकराने से पहले टली बड़ी अनहोनी

- Advertisement -

कोरबा@M4S:कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-130 में बीती रात करीब 11 बजे एक बड़ा सडक़ हादसा होते-होते टल गया। जल्के से गिट्टी लोड कर तेज रफ्तार में जा रहा एक हाइवा गुरसिया क्षेत्र के पास अचानक अनियंत्रित हो गया और सडक़ किनारे जाकर पलट गया। घटना के समय हालात इतने गंभीर हो गए कि हाइवा सीधे गोस्वामी होटल की ओर बढ़ता नजर आया, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सौभाग्यवश हाइवा होटल या आसपास के मकानों से टकराने से पहले ही रुक गया। इस कारण होटल और मकान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। होटल में मौजूद कर्मचारी और घर में रह रहे लोग बाल-बाल बच गए। यदि वाहन टकरा जाता तो जान-माल का नुकसान हो सकता था। दुर्घटना में हाइवा चालक को अंदरूनी चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाइवा चालक सामने से आ रहे ट्रैक्टर और बोलेरो वाहन को बचाने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान संतुलन बिगडऩे से यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला गया और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

Related Articles