नई दिल्ली(एजेंसी):आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अपनी सेहत के लिए काफी कुछ कर रहे हैं। अच्छा खाना, जिम जाना, समय पर सोने की कोशिश और भी बहुत कुछ, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी सेहत को दुरुस्त रखने में शादी भी एक अहम भूमिका निभा सकती है?
जी हां, कई रिसर्च इस ओर इशारा करती हैं कि अकेले रहने वालों की तुलना में शादीशुदा लोग लंबा जीवन जीते हैं और गंभीर बीमारियों का रिस्क भी उनमें कम होता है। आइए जानें कि आखिर शादी कैसे हमारी सेहत के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
दिल की बीमारियां रहती हैं दूर
शादीशुदा लोगों में दिल की बीमारियों के मामले अविवाहित लोगों की तुलना में काफी कम होते हैं। इतना ही नहीं, शादीशुदा लोगों में हार्ट अटैक के बाद बचने की संभावना अविवाहित लोगों की तुलना में 14% ज्यादा होती है। यानी इस रिसर्च के मुताबिक,शादी दिल की सेहत को दुरुस्त रखने में अहम भूमिका निभाती है।
मेंटल स्ट्रेस कम होता है और बेहतर इम्युनिटी
एक खुशहाल शादी में पार्टनर्स एक-दूसरे का सहारा बनते हैं। इससे आपको इमोशनल और फाइनेंशियल सपोर्ट मिलता है, जिससे तनाव खुद-ब-खुद कम हो जाता है। इससे वे डिप्रेशन और अकेलेपन जैसी समस्याओं का शिकार कम होते हैं। जब तनाव कम होता है, तो शरीर की बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है।
कैंसर से लड़ने में मददगार
एक हैरान करने वाली बात यह भी है कि शादीशुदा लोगों में कैंसर का पता शुरुआती स्टेज में जल्दी लग जाता है। साथ ही, अगर कोई बड़ी सर्जरी या ऑपरेशन कराना पड़े, तो अकेले लोगों के मुकाबले शादीशुदा मरीजों के बचने और जल्दी ठीक होने की संभावना कहीं ज्यादा होती है।
पुरुषों को मिलता है शादी का डबल फायदा
दिलचस्प बात यह भी कि शादी से मिलने वाले फायदे महिलाओं से ज्यादा पुरुषों को मिलते हैं। शादी के बाद पुरुष की अक्सर रिस्की आदतों, जैसे लापरवाही से गाड़ी चलाना या गलत लाइफस्टाइल में कमी आती है और वे बेहतर लाइफस्टाइल अपनाते हैं।
दूसरी बात यह भी है कि आमतौर पर पत्नियां पतियों की सेहत का ज्यादा ख्याल रखती हैं। पति का समय पर हेल्थ चेकअप, दवाएं और खाने-पीने का ध्यान पत्नी ज्यादा रखती है, जिससे शादीशुदा पुरुषों की सेहत में काफी फायदा देखने को मिलता है।
ये शर्त है जरूरी
शादी के सभी फायदे तभी मिलते हैं, जब आपका रिश्ता खुशहाल हो। अगर शादीशुदा जिंदगी में स्ट्रेस और झगड़े भरे हो, तो उसकी तुलना में सिंगल व्यक्ति ज्यादा सेहतमंद रह सकता है, जो अपने अच्छे दोस्तों और परिवार के बीच खुश है।






