रांची(एजेंसी):झारखंड कांग्रेस ने अभी से 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी ने राज्य के सभी 14 लोकसभा क्षेत्रों के लिए कमेटी के गठन का निर्णय लेते हुए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
तमाम लोकसभा क्षेत्रों की टीम का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एक उपाध्यक्ष करेंगे, जिन्हें संसदीय क्षेत्र प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उनके सहयोग के लिए एक संसदीय क्षेत्र सह-प्रभारी भी होंगे।
टीमों की संरचना में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रदेश एवं जिला स्तर के विधानसभा क्षेत्र प्रभारी तथा प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शामिल होंगे।
पिछले तीन चुनावों के परिणामों का विश्लेषण होगा
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की ओर से जारी निर्देश के अनुसार संसदीय क्षेत्र की टीमें संबंधित जिला कांग्रेस कमेटी, राजनीतिक मामलों की समिति और चुनाव अभियान समिति के साथ मासिक बैठक करेगी।
इन बैठकों में पिछले तीन लोकसभा चुनावों के परिणामों का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। इस विश्लेषण के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में मत प्रतिशत में हुए बदलाव, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और चुनावी रुझानों का आकलन कर भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी।
इतना ही नहीं, प्रत्येक संसदीय क्षेत्र की टीम अपने क्षेत्र की राजनीतिक, सामाजिक एवं स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए एक विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करेगी।
इसमें क्षेत्रवार समस्याओं, स्थानीय मुद्दों, संगठनात्मक कमजोरियों और जनसंपर्क की आवश्यकताओं को शामिल किया जाएगा। इस संदर्भ में मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पाल मुंजनी ने बताया कि शीघ्र ही सभी टीमें धरातल पर काम करती दिखेंगी।





















































