पहले मिस टीन इंटरनेशनल,अब बनीं Miss Universe India… 19 साल की Kaziah Liz Mejo का सफर है बेहद खास

- Advertisement -

नई दिल्ली। सोचिए,जब एक सपना सच होता है, तो आंखों में कैसी चमक होती है? केरल की रहने वाली Kaziah Liz Mejo के चेहरे पर ठीक वैसी ही चमक थी, जब उनके सिर ‘मिस यूनिवर्स इंडिया 2026’ का शानदार ताज सजाया गया। अपनी खूबसूरती, लाजवाब पर्सनैलिटी और हाजिरजवाबी के दम पर उन्होंने पूरे देश का दिल जीत लिया।

ताज पहनते वक्त केजिया की आंखें खुशी से छलक उठीं। बता दें, उन्होंने 52 होनहार फाइनलिस्ट्स को पीछे छोड़ते हुए यह शानदार जीत हासिल की है। अब वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाले सबसे बड़े ब्यूटी कॉन्टेस्ट ‘मिस यूनिवर्स’ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कौन हैं केजिया लिज मेजो?

केजिया की उम्र महज 19 साल है, लेकिन उनके सपने और उपलब्धियां काफी बड़ी हैं। केरल से आने वाली केजिया सिर्फ एक मॉडल ही नहीं हैं, बल्कि वह लॉ की पढ़ाई भी कर रही हैं। ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में यह उनकी पहली बड़ी कामयाबी नहीं है।

बता दें, इससे ठीक एक साल पहले, 2025 में उन्होंने ‘मिस टीन इंटरनेशनल’ में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और वहां भी अपने शानदार प्रदर्शन से फर्स्ट रनर-अप का मुकाम हासिल किया था।

अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर छाने की तैयारी

इस राष्ट्रीय जीत के बाद केजिया के कंधों पर एक बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। अब वह इस साल नवंबर में प्यूर्टो रिको में होने वाले 75वें ‘मिस यूनिवर्स’ पेजेंट में भारत का चेहरा बनेंगी। इस भव्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर दुनिया भर की सुंदरियों को टक्कर देने से पहले, केजिया खास ग्रूमिंग और कड़ी ट्रेनिंग के दौर से गुजरेंगी, ताकि वह दुनिया के सामने भारत को और मजबूती से पेश कर सकें।

आसान नहीं था 8,000 लड़कियों के बीच यह सफर

इस ताज तक पहुंचने का रास्ता काफी मुश्किल था। जानकारी के मुताबिक, इस साल प्रतियोगिता के लिए करीब 8,000 से 9,000 लड़कियों ने आवेदन किया था। कई महीनों तक चले स्टेट लेवल पेजेंट, फाइनल ऑडिशन, वाइल्डकार्ड और एनआरआई एंट्रीज के बाद टॉप 52 फाइनलिस्ट्स का चुनाव हुआ था। जयपुर के ग्रैंड फिनाले तक पहुंचने के लिए इन सभी लड़कियों को स्पीच और इंट्रोडक्शन राउंड, स्विमसूट प्रतियोगिता और गाला इवेंट जैसी कई कड़ी चुनौतियों से गुजरना पड़ा।

इन चेहरों ने भी मारी बाजी

इस कांटे की टक्कर में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश ने भी अपनी खास जगह बनाई। वह फर्स्ट रनर-अप रहीं और उन्हें ‘मिस इंटरनेशनल इंडिया 2026’ का खिताब सौंपा गया। वहीं, गुजरात की अनुश्री सतवलेकर ने अपनी प्रतिभा से सेकंड रनर-अप की जगह पक्की की।

दिग्गजों से सजा था जजों का पैनल

इस पूरी प्रतियोगिता का एक बड़ा आकर्षण इसकी जूरी थी, जिसमें सितारों का मेला लगा था। पैनल की अगुवाई 1994 में भारत की पहली मिस यूनिवर्स बनीं सुष्मिता सेन ने की। उनके साथ पूर्व ब्यूटी क्वीन्स- सेलिना जेटली (मिस यूनिवर्स इंडिया 2001) और उर्वशी रौतेला (मिस यूनिवर्स इंडिया 2015) भी विजेताओं को परखने के लिए मौजूद थीं।

जूरी के अन्य सदस्यों में ‘मिस यूनिवर्स इंडिया 2024’ रिया सिंघा, फिल्म निर्माता प्रज्ञा कपूर, उद्यमी विशा लधिया, ‘मिस चार्म 2025’ एना ब्लैंको और जानी-मानी त्वचा विशेषज्ञ डॉ. स्तुति खरे शुक्ला शामिल थीं।

Related Articles