मुंबई(एजेंसी):पहली फिल्म हर कलाकार के लिए खास होती है। अगर वह फिल्म शाह रुख खान के साथ हो तो फिर क्या कहना। अभिनेत्री श्रिया पिलगांवकर अपने करियर में काफी आगे बढ़ चुकी हैं, ओटीटी प्लेटफॉर्म से लेकर फिल्मों तक वह काफी काम कर रही हैं, लेकिन शाह रुख के साथ उनकी पहली फिल्म फैन की यादें हमेशा उनके दिलोदिमाग में ताजा रहती हैं।
कार में बैठकर शाह रुख सर से बात कर रही थी
श्रिया कहती हैं कि जब भी मेरी पहली फिल्म की बात होती है तो सारी यादें ताजा हो जाती हैं। हाल ही में मेरे फोन पर पुराने फोटोज मेमोरी में दिखाई देने लगे। वे फैन के सेट से थे। तब बहुत खास महसूस हुआ। कई बार तो यकीन नहीं होता है कि अपनी पहली ही फिल्म में मैं शाह रुख सर की हीरोइन रह चुकी हूं। मुझे आज भी याद है उनके साथ काफी समय तक मैं कार में बैठी रही थी।

दरअसल, मेरी और शाह रुख सर की एक फोटो है, जिसमें एक कॉलोनी में हम शूटिंग कर रहे थे। कार का ही पूरा सेटअप था। मैं ड्राइविंग सीट पर बैठी हूं और शाह रुख सर पीछे वाली सीट पर बैठे हैं। हम काफी देर तक कार में ही बैठकर बातें करते रहे, क्योंकि ब्रेक का समय हो चुका था। आगामी दिनों में श्रिया मिर्जापुर: द मूवी और हैवान फिल्मों में नजर आएंगी। श्रिया कहती हैं कि इस वक्त मेरा फोकस फिल्मों पर ज्यादा है।
श्रिया ने चाइल्ड एक्टर के रूप में शुरू किया था करियर
जिन्हें नहीं पता उन्हें बता दें कि, श्रिया पिलगांवकर ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट साल 1994 में बतौर चाइल्ड एक्टर की थी। उन्होंने शो में ‘बिट्टू’ का किरदार अदा किया। सचिन पिलगांवकर की लाडली ने बॉलीवुड में साल 2013 में रिलीज हुई मराठी फिल्म ‘एकुलती एक’ से की थी, जिसके बाद उन्होंने फैन से हिंदी फिल्मों में कदम रखा।
श्रिया पिलगांवकर ने न सिर्फ हिंदी और मराठी, बल्कि तमिल और तेलुगु भाषा में भी काफी काम किया है। वह जल्द ही अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर फिल्म ‘हैवान’ में भी नजर आएंगे। इसके अलावा वह ‘अभी तो पार्टी शुरू हुई है’ का भी हिस्सा हैं।








