भारत में बैन हुआ अरविंद केजरीवाल का Meta अकाउंट? पोस्ट कर कंपनी से मांगा जवाब; PM को भी घेरा

- Advertisement -

नई दिल्ली(एजेंसी):आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मेटा (Meta) और मेटा इंडिया पर आरोप लगाया है कि उनके अकाउंट को भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। केजरीवाल ने एक्स पर मेटा और मेटा इंडिया को टैग करते हुए इस संबंध में एक पोस्ट किया है।

मेटा पर लगाए संगीन आरोप

उन्होंने लिखा है, ‘आपने मेरा अकाउंट क्यों प्रतिबंधित कर दिया है? आपके भारत कार्यालय में मौखिक पूछताछ से पता चला कि मेरा अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है और यह भारत में उपलब्ध नहीं है। क्यों? आपके कार्यालय में कोई भी कोई कारण नहीं बता रहा है। कोई यह भी नहीं बता रहा कि प्रतिबंध कैसे हटाए जा सकते हैं। लिखे गए सभी ईमेल पर नियमित नोटिफिकेशन के अलावा कोई जवाब नहीं मिला। यह बहुत खराब सेवा है। हमारे प्रधानमंत्री के सामने इतना मत झुको। वरना वह आपको भारत में सिर्फ अपना ही अकाउंट चलाने की इजाजत देंगे।’

मोदी सरकार पर किया हमला

बता दें कि केजरीवाल ने इससे पहले एक पोस्ट में लिखा था, ‘मोदी सरकार का क्या प्लान है? पता चल रहा है कि पेट्रोल में 50 प्रतिशत से ज्यादा की मिलावट करेंगे। अभी बस माहौल शांत होने का इंतजार कर रहे हैं। पहले आपकी ई0 और ई10 गाड़ियों में जबरदस्ती ई20 पेट्रोल डालकर कबाड़ा किया। आज अगर आप ई20 नई गाड़ी खरीदते हैं तो सरकार कुछ दिन बाद उसमें जबरदस्ती ई50 पेट्रोल डालकर उसका कबाड़ा कर देगी। सरकार जल्द ही डीजल में भी मिलावट करने वाली है। इसलिए अभी कुछ वर्ष आप पेट्रोल और डीजल की नई गाड़ियां खरीदने से बचें।’

पीएम मोदी का बंद कर दिया था वीडियो

वहीं, मेटा ने बुधवार को देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो को पाबंद करने के लिए माफी मांगी थी। उसने यह स्वीकार किया था कि बड़े स्तर प्रोमोशनल एक्टिविटीज के कारण पीएम मोदी का वीडियो भारत के बंद हो गया था। वीडियो को अचानक ही बंद कर देने के कारण केंद्र सरकार ने मेटा से गहरी आपत्ति जताते हुए जवाब मांगा था।

Related Articles