ईंट में छिपा बैठा था अहिराज, किया गया रेस्क्यू

- Advertisement -

कोरबा@M4S:जिले में नोवा नेचर एवं वन विभाग की लगातार जागरूकता मुहिम का सकारात्मक परिणाम अब दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। सतरेंगा रोड से लगे ग्राम जाम बहार में रात्रि के 10.30 बजे एक ग्रामीण के घर लगभग 6 फीट लंबा अहिराज सांप ईंट में घुस कर बैठ गया था। पहले जहां ऐसे मामलों में लोग भयवश सर्प को मार देते थे, वहीं इस बार ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया और तत्काल वन विभाग की रेस्क्यू टीम एवं नोवा नेचर के जितेंद्र सारथी की रेस्क्यू टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपने टीम के साथ मौके स्थल के लिए रवाना हो गए फिर गांव पहुंच कर पूरी सावधानी के साथ अहिराज का सफल रेस्क्यू कर थैले में डाला फिर सुरक्षित उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया। इस दौरान ग्रामीणों को सर्पों के महत्व, उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल जाने की सलाह भी दी गई। जितेंद्र सारथी ने बताया कि उनकी टीम पूरे कोरबा जिले में दिन-रात, यहां तक कि आधी रात को भी लोगों की सूचना पर पहुंचकर वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिलेवासियों का सहयोग लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण अधिक से अधिक वन्यजीवों का जीवन बचाया जा रहा है।

Related Articles