ओडिशा में शादी से लौट रही कार तालाब में गिरी, पांच लोगों की डूबने से मौत; दो ने बचाई जान

- Advertisement -

अनुगुल(एजेंसी):ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के छतिया गांव के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। शादी समारोह से लौट रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब में जा गिरी।

कार में सवार सात दोस्तों में से दो युवक किसी तरह दरवाजा तोड़कर बाहर निकलने और तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। पांच अन्य युवकों की डूबने से मौत हो गई।

कार सीधे सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी

हादसा देर रात में होने के कारण काफी देर तक किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार, मोटांगा थाना क्षेत्र के बंगुरासिंह गांव के सात दोस्त बारात में शामिल होने इंदिपुर गांव गए थे।

शादी समारोह समाप्त होने के बाद सभी कार से घर लौट रहे थे। छतिया गांव के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सीधे सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी।

ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया

कार के पानी में डूबते ही भीतर चीख-पुकार मच गई। बबलू और शिबू नामक दो युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए कार का दरवाजा तोड़ा और तैरकर बाहर निकल आए। उन्होंने ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार से पांच युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

हादसे के कारणों की जांच की जारी

मृतकों की पहचान चालक चंद्रकांत स्वाईं, अबिनाश साहू, राकेश साहू, श्रीराम साहू और अभिजीत साहू के रूप में हुई है। सभी की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।

एक साथ पांच युवकों की मौत की खबर से बंगुरासिंह गांव में मातम पसर गया। जिला अस्पताल परिसर में भी परिजनों और स्वजन की चीख-पुकार से माहौल गमगीन रहा।

Related Articles