नई दिल्ली(एजेंसी):जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में चल रहा छात्रों का धरना प्रदर्शन बुधवार सुबह भी जारी है। छात्रों की मौजूदगी में पूरा इलाका आंदोलन का गढ़ बना हुआ है। कई छात्र पिछले कई दिनों से यहां डटे हुए हैं, जबकि सुबह से नए जत्थे पहुंच रहे हैं और कुछ आराम के लिए जा भी रहे हैं।
टॉलस्टॉय रोड पर प्रदर्शनकारियों का कब्जा
सुबह के माहौल में नारेबाजी के साथ लोगों की आवाजाही है। जिससे पूरा इलाका आंदोलन स्थल बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों के कब्जे में जंतर मंतर रोड के साथ टॉलस्टॉय रोड भी आ गया है। जबकि, जनपथ, संसद मार्ग व अशोक रोड के साथ कनॉट प्लेस में भी आवाजाही जारी है, जिससे वहां भारी सुरक्षाबल की मौजूदगी और बैरिकेडिंग है।
आसपास रहने वाले लोग भी प्रदर्शन से मुश्किल में
सुरक्षा बलों की चिंता भीड़ के हिंसक हो जाने और अन्य इलाकों में फैल जाने को लेकर है, लेकिन सख्त सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी के चलते कार्यालयों और अन्य कार्य के लिए निकले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अशोक रोड और जनपथ पर प्रदर्शन स्थल जाने वालों के वाहनों की पार्किंग भी जाम का बड़ा कारण बन रहा है। नई दिल्ली के इस क्षेत्र में कई होटल्स और रेस्त्रां भी है, उनका कारोबार आधा है गया है। हंगामे और हिंसा को देखते हुए होटल्स में बुकिंग भी कम हुई है।
सैकड़ों वालंटियर्स ने संभाला भीड़ प्रबंधन का मोर्चा
इस बीच, फूड डिलिवरी एप्स के डिलीवरी ब्वॉय लगातार जंतर मंतर से सटे मार्गों पर पहुंच रहे हैं और प्रदर्शनकारियों को भोजन पहुंचा रहे हैं। सोमवार रातभर नारों और लोगों की आवाजाही चलती रही थीं चारों ओर तिरंगे, बैनर और पोस्टर दिखाई दे रहे थे।
सैकड़ों की संख्या वालंटियर्स भीड़ प्रबंधन का मोर्चा संभाले हुए हैं। लोग दिल्ली के साथ है विभिन्न राज्यों से पहुंच रहे हैं, जिसमें युवाओं के साथ अन्य आयु वर्ग के लोगों की संख्या बढ़ रही है।
पिछले कुछ दिनों में आंदोलन ने तीखा और बड़ा रूप ले लिया है। सोमवार को छात्रों ने संसद की ओर मार्च निकाला, जिसमें भारी हंगामा हो गया। पुलिस के साथ हुई झड़प में कई छात्र घायल हुए। घायलों का इलाज कराने के बाद उन्हें वापस जंतर मंतर लाया गया, जहां उनका स्वागत नारों के साथ किया जा रहा है।
ट्रैफिक पुलिस ने दी वैकल्पिक मार्गों की सलाह
प्रदर्शन के लंबे चलने और सुरक्षा व्यवस्था के कारण इलाके की सफाई व्यवस्था बुरी तरह गड़बड़ा गई है। कचरा बिखरा हुआ है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। बैरिकेडिंग और प्रदर्शन के चलते सफाई कर्मी और कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां जंतर मंतर समेत कई मार्गों पर नहीं जा पा रही हैं, उसमें भी प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ के कारण सफाई मुहिम चुनौती बनी हुई है।
फूड डिलिवरी एप्स के माध्यम से लगातार भोजन पहुंचने से प्रदर्शनकारियों को सुविधा तो मिल रही है, लेकिन इससे प्लास्टिक कचरे की मात्रा भी बढ़ गई है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। भारी संख्या में जवान तैनात हैं और बैरिकेडिंग की गई है। यातायात पुलिस ने आसपास के इलाकों में वैकल्पिक मार्गों की सलाह दी है।








