कोरबा@M4S:कोरबा में शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और आम जनता में भय पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में कोतवाली थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बड़ा आकार का चाकूनुमा हथियार जिसे स्थानीय भाषा में कत्ता या बंडा कहा जाता है, बरामद किया गया है।पुलिस को सूचना मिली थी कि कोतवाली थाना क्षेत्र में आसिफ कुरैशी और विशाल कंवर नामक दो युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर खुलेआम घूम रहे हैं और राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक धारदार कत्ता बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी इसी हथियार का इस्तेमाल कर लोगों में दहशत फैला रहे थे।गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत थाना कोतवाली में मामला पंजीबद्ध किया गया। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने हथियार कहां से प्राप्त किया था और इसका उपयोग वे किस मंशा से करना चाहते थे।इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र में कल दो युवक – १. आसिफ कुरैशी और २. विशाल – द्वारा अवैध हथियार लेकर इधर-उधर घूमकर लोगों को डराया-धमकाया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और दोनों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से १ नग अवैध हथियार ‘बंडा’ यानी कट्टा बरामद किया गया। दोनों के खिलाफ थाना कोतवाली में आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
आर्म्स एक्ट:धारदार हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार







