- Advertisement -
नई दिल्ली@M4S:टॉपनॉच फाउंडेशन द्वारा 21 मई 2026 को नई दिल्ली स्थित होटल शांगरी-ला इरोस में आयोजित भव्य समारोह में सरदार पटेल एकता पुरस्कार 2026 प्रदान किए गए। इस आयोजन का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा एवं व्यापार क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित करना था।
इस प्रतिष्ठित समारोह में छत्तीसगढ़ के कोरबा एवं रायपुर से जुड़े प्रसिद्ध वित्तीय शिक्षाविद एवं पर्सनल फाइनेंस कोच जसमीत सिंह छाबड़ा को वित्तीय जागरूकता और व्यक्तिगत वित्त शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए “मोस्ट आउटस्टैंडिंग पर्सनल फाइनेंस कोच” श्रेणी में सरदार पटेल राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल जसमीत सिंह छाबड़ा के लिए, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़, कोरबा और रायपुर के लिए भी गर्व एवं सम्मान का विषय है।
जसमीत सिंह छाबड़ा पिछले 22 वर्षों से बीएफएसआई (बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा) क्षेत्र में एक वरिष्ठ कॉर्पोरेट प्रोफेशनल के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे पिछले दो वर्षों से “जसमीत छाबड़ा फाइनेंस” नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय हैं, जहां वे लोगों को वित्तीय शिक्षा, निवेश जागरूकता और धन प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हैं। उनके कंटेंट को विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर 9 मिलियन से अधिक व्यूज प्राप्त हो चुके हैं। वित्तीय क्षेत्र में पारदर्शिता, जागरूकता और जिम्मेदार वित्तीय निर्णयों को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों को व्यापक सराहना मिली है।

समारोह में देश के अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले, लोकसभा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल,प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं लोकसभा सांसद हेमा मालिनी, ट्रिनिटी कॉर्पोरेट सूट्स के प्रबंध निदेशक रूपम शर्मा तथा गोयल मेडिकोस के संस्थापक एवं सीईओ डॉ. बसंत गोयल शामिल रहे।
यह आयोजन स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा एवं व्यापार क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और पेशेवरों को एक साझा मंच प्रदान करने में सफल रहा, जहां राष्ट्र निर्माण, सामाजिक विकास और जनजागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। समारोह में देशभर से चयनित विजेताओं को सम्मानित कर उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्रदान की गई।
जसमीत सिंह छाबड़ा को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान उनके वर्षों के अनुभव, समर्पण और वित्तीय शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उनकी यह उपलब्धि आने वाले समय में और अधिक लोगों को वित्तीय रूप से जागरूक एवं सशक्त बनाने की प्रेरणा प्रदान करेगी।







