‘ऋषभ पंत को इग्‍नोर न करें’, वनडे विश्‍व कप 2027 से पहले इस दिग्‍गज ने सेलेक्‍टर्स को चेताया

- Advertisement -

नई दिल्‍ली(एजेंसी):भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 से पहले सेलेक्‍टर्स को चेताया है। उन्होंने कहा है कि भले ही विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को हालिया व्हाइट-बॉल टीम में शामिल नहीं किया गया है, लेकिन उनके लिए दरवाजे हमेशा के लिए बंद नहीं किए जाने चाहिए। भारत और अफगानिस्‍तान के बीच 13 जून से वनडे सीरीज का आगाज हो रहा है।

IPL 2026 में नहीं चला बल्‍ला

वनडे सीरीज से पहले JioHotstar पर बात करते हुए पठान ने कहा कि भले ही पंत फॉर्म में न हों, लेकिन उनका इंटरनेशनल व्हाइट-बॉल करियर अभी खत्म नहीं हुआ है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में पंत का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। 19वें सीजन में पंत ने 14 मुकाबलों में 312 रन बनाए। LSG प्‍वाइंट्स टेबल में आखिरी नंबर पर रही। बढ़ते दबाव के कारण आखिरकार पंत ने फ्रेंचाइजी की कप्‍तानी छोड़ दी।

टेस्‍ट में बनाए 81 रन

रेड बॉल में पंत का जलवा अभी भी बरकरार है। अफगानिस्‍तान के खिलाफ इकलौते टेस्‍ट में पंत ने 121 गेंदों पर 81 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्‍होंने 6 चौके और 3 छक्‍के भी लगाए। इस पारी में उनके जाने-पहचाने बेबाक अंदाज के साथ-साथ सोच-समझकर संयम बरतने का भी मेल देखने को मिला।

पठान ने दिया सुझाव

पठान ने कहा, “KL राहुल ODI में भारत के पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। उन्होंने नंबर पांच और छह पर अच्छा प्रदर्शन किया है। बैकअप के तौर पर सेलेक्टर्स ने ईशान किशन को टीम में शामिल किया है। ईशान बैटिंग ऑर्डर में ऊपर भी खेल सकते हैं। यह एक समझदारी भरा चुनाव है। अभी राहुल और ईशान दो विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। तीसरे नंबर पर संजू सैमसन होने चाहिए। जब भी उन्हें मौका मिला है उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। हमने T20 वर्ल्ड कप में ऐसा देखा था।”

ईशान से प्रेरणा लेनी चाहिए

पूर्व गेंदबाज ने कहा, “अब ऋषभ पंत की बात करें तो, मेरा सुझाव है कि सेलेक्टर उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज न करें। वह व्हाइट-बॉल क्रिकेट में पीछे रह गए हैं। उनका फॉर्म भी कुछ खास नहीं रहा है। लेकिन ईशान किशन को देखिए। वह भी टीम से बाहर थे, लेकिन उन्होंने इसे मोटिवेशन की तरह इस्तेमाल किया। उन्होंने घरेलू क्रिकेट खेला, अच्छा प्रदर्शन किया और कप्तान के तौर पर झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताई। ऋषभ को ईशान से प्रेरणा लेनी चाहिए और कड़ी मेहनत जारी रखनी चाहिए। उन्हें व्हाइट-बॉल क्रिकेट में वापसी की उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए।”

पंत का वनडे में प्रदर्शन

पंत ने भारत के लिए आखिरी बार अगस्त 2024 में वनडे क्रिकेट खेला था। वह 2025 में खिताब जीतने वाली चैंपियंस ट्रॉफी टीम का हिस्सा थे, लेकिन पूरे टूर्नामेंट के दौरान उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। पंत ने अपने करियर में अब तक 31 वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान 27 पारियों में विकेटकीपर बल्‍लेबाज ने 33.50 की औसत और 106.21 की स्‍ट्राइक रेट से 871 रन बनाए हैं। एकदिवसीय प्रारूप में पंत ने 5 अर्धशतक और 1 शतक लगाया है।

Related Articles