- Advertisement -
कोरबा@M4S:नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा द्वारा हटरी बाजार क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं व्यवस्थित विकास के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। मंगलवार को नगर पालिका की टीम जेसीबी लेकर हटरी पहुंची, जहां कार्रवाई का सब्जी विक्रेताओं और स्थानीय व्यापारियों ने विरोध किया।
कार्रवाई के दौरान बाजार परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। व्यापारियों का कहना था कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानों और ढांचों को हटाना उनके रोजगार पर असर डालेगा। विरोध बढ़ने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
मौके पर मौजूद तहसीलदार एवं नगर पालिका की सीएमओ ने सब्जी व्यापारियों और स्थानीय लोगों से चर्चा कर उन्हें समझाया कि हटरी बाजार का सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित निर्माण किया जाना है, जिससे भविष्य में व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
लंबी चर्चा के बाद प्रशासन और व्यापारियों के बीच सहमति बनी। जानकारी के अनुसार पहले 70 प्रतिशत निर्माण एवं व्यवस्था कार्य पूरा किया जाएगा, उसके बाद शेष 30 प्रतिशत हिस्से में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस प्रस्ताव पर अधिकांश व्यापारियों ने सहमति जताई, जिसके बाद विवाद शांत हुआ।
प्रशासन का कहना है कि हटरी बाजार को आधुनिक और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए यह कार्य किया जा रहा है, जबकि व्यापारियों ने भी अपने रोजगार की सुरक्षा के साथ विकास कार्य में सहयोग देने की बात कही है।






