कब्र की खुदाई कर निकाला गया महिला का शव  मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने की वैधानिक कार्रवाई

- Advertisement -

कोरबा@M4S:विवाह कार्यक्रम से लौटते ही विवाहिता की तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाद निजी हास्पिटल दाखिल कराया गया, जहां से हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही विवाहिता ने दम तोड़ दी। उसके शव का आनन फानन अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले में मायके पक्ष के लोगों ने प्रताडऩा का आरोप लगाते हुए जांच की मांग शुरू कर दी। उनकी मांग पर पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव को निकाला गया। साथ ही फॉरेंसिक एक्सपर्ट व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। तदुपरांत मामले की जांच शुरू कर दी गई्र है।
उरगा थानांतर्गत ग्राम भलपहरी में मुकेश कुमार पाटले निवास करता है। उसकी शादी आठ साल पहले ग्राम गिधौरी में रहने वाली विनिता से हुई थी। पखवाड़े भर पहले पति पत्नी गिधौरी गए थे, जहां से दोनों लौट आए थे। इसके बाद से विवाहिता की तबीयत ठीक नही थी। उसे हालत बिगडऩे पर 17 मई को मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां सेहत में सुधार नही होते देख परिजन विवाहिता को निहारिका क्षेत्र स्थित निजी हास्पिटल ले आए। निजी अस्पताल में दूसरे दिन विवाहिता को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन विवाहिता को रायपुर के मेकाहारा ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही विवाहिता की मौत हो गई। उसके शव को परिजन सीधे घर ले गए। उन्होंने आनन फानन विवाहिता का कफन दफन कर दिया। मामले में उस वक्त नया मोड़ आया, जब मायके पक्ष के लोगों ने विनिता की मौत पर आशंका जताई। उनका आरोप था कि मुकेश आए दिन विनिता से मारपीट करता था। उसकी प्रताडऩा के कारण विनिता मायके आ गई थी। सामाजिक स्तर पर हुई समझौते के बाद मुकेश उसे अपने साथ ले गया था। विनिता शादी कार्यक्रम में आई थी, इस दौरान भी मुकेश जबरिया उसे अपने साथ ले गया था। मायके पक्ष के लोगों ने शुक्रवार की सुबह थाना पहुंचकर पुलिस ने जांच की मांग भी की। थाना प्रभारी नवीन पटेल ने आला अफसरों को मामले से अवगत कराया। उनके निर्देश पर कब्र की खुदाई के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारी से अनुमति ली गई। तत्पश्चात कार्यपालिक दंडाधिकारी के अलावा थाना प्रभारी नवीन पटेल, फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. सत्यजीत कोसरिया तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उनकी मौजूदगी में कब्र की खुदाई शुरू की गई। यह खबर लगते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मृतिका के परिजन भी मौके पर मौजूद थे। उनकी मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। तत्पश्चात फॉरेंसिक एक्सपर्ट व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पीएम के साथ परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की। प्रारंभिक जांच में डॉक्टरी पर्ची के अलावा इलाज के दौरान परीक्षण रिपोर्ट में हीमोग्लोबिन की कमी व ज्वांडिस पीलिका होने की बातें सामने आई है। बहरहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।

Related Articles