कोरबा@M4S: जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत आईबीपी अहिरन नदी में डूबे 24 वर्षीय युवक निखिल सिंह का शव अंतत: मिल गया है। गोताखोरों की घंटों की मशक्कत के बाद भी जो शव नहीं मिल पाया था, वह बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे खुद ही पानी की सतह पर तैरता हुआ दिखाई दिया।
घटना बीते मंगलवार, 12 मई की है। कुसमुंडा विकास नगर निवासी निर्मल ठाकुर का पुत्र निखिल सिंह अपने 3-4 दोस्तों के साथ आईबीपी अहिरन नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। दोस्तों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद कुसमुंडा पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी अपनी टीम और स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। मंगलवार देर शाम तक खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा। बुधवार की सुबह से पुन: गोताखोरों ने मोर्चा संभाला। दोपहर 12 बजे तक सफलता नहीं मिलने पर एस डी आर एफ की टीम को बुलाया गया। एस डी आर एफ और स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम तक नदी की खाक छानी, लेकिन निखिल का सुराग नहीं लगा। अंत में टीम ने गुरुवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करने की बात कहकर काम रोक दिया।
परिजनों की आंखों के सामने आया शव जहाँ प्रशासन ने उम्मीद छोड़ दी थी, वहीं निखिल के गमगीन परिजन रात भर नदी किनारे इस आस में बैठे रहे कि शायद उनके लाड़ले का शरीर मिल जाए। बुधवार रात करीब 1 बजे, यानी घटना के लगभग 36 घंटे बाद, निखिल का शव अपने आप पानी के ऊपर आ गया। परिजनों की नजर पड़ते ही उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुसमुंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और उसे एस ई सी एल अस्पताल की मर्चुरी में भिजवा दिया है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया।
नदी में डूबकर लापता हुए युवक का शव बरामद
- Advertisement -





































