मुंबई: म्यूजिक कॉन्सर्ट में ड्रग्स का ओवरडोज, 2 MBA छात्रों की मौत से हड़कंप; एक की हालत गंभीर

- Advertisement -

नई दिल्ली(एजेंसी):मुंबई में म्यूजिक कॉन्सर्ट में शामिल होने गए 2 MBA के छात्रों की संदिग्ध स्थिति में मौत होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दो युवती और एक युवक साथ में म्यूजिक इवेंट में शामिल होने गए थे, इसके बाद तीनों ने कथित तौर पर ड्रग्स का सेवन किया। वहीं, जब तीनों को सांस लेने में परेशानी होने लगी तो तुरंत पास के अस्पताल में ले जाया गया।

दो लोगों की गई जान, एक की हालत गंभीर

जहां 24 साल की युवती और 28 साल के युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य 25 साल की युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना 11 अप्रैल की रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार तीनों लोग गोरेगांव के NESCO सेंटर में हुए कॉन्सर्ट में शामिल होने गए थे। जहां पर लगभग 4,000 लोग 2,000 रुपये की एंट्री फीस देकर पहुंचे थे।

जांच में ड्रग्स का ओवरडोज बताया जा रहा कारण

मुंबई पुलिस की माने तो, जिन छात्रों की मौत हुई, उनमें से एक ने इवेंट में जाते समय टैक्सी के अंदर ही एक गोली खा ली थी। इसके बाद इवेंट में जाकर दूसरी गोली खाई, जिसके कारण ओवरडोज हो गया। सूत्रों ने बताया कि डॉक्टरों ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि, मौत का कारण ड्रग्स का ओवरडोज ही था। इन गोलियों की सप्लाई करने वाला व्यक्ति भी कथित तौर पर एक छात्र ही है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी के पास से छह से सात गोलियां बरामद की गई हैं।

जांच से पता चला है कि ये ड्रग्स मुंबई के बाहर से लाए गए थे, जिसे MDMA के नाम से जाना जाता है। गिरफ्तार किए गए लोगों में इवेंट ऑर्गनाइजर विहान उर्फ आकाश समल, NESCO इवेंट ऑर्गनाइज़ेशन एंड मैनेजमेंट के सनी विनोद जैन, इंटरनल सिक्योरिटी टीम के सदस्य बालकृष्णन बलराम और दो अन्य छात्र भी शामिल हैं।

इस इवेंट में शामिल लोगों के डांस करते हुए एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसकी पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। वहीं, NESCO सेंटर के एक प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा, “हम स्थिति की गंभीरता को समझते हैं और संबंधित अधिकारियों को उनकी चल रही जांच में अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं।”

Related Articles