खून से सने स्कूल बैग-जूते, हमले में मारे गए बच्चों की तस्वीरें… वार्ता से पहले ईरान का ट्रंप को संदेश

- Advertisement -

नई दिल्ली(एजेंसी):खून से सने स्कूल बैग, सफेद फूल और मिनाब पीड़ितों की तस्वीरें…ये मंजर था स्पीकर बाघर गालिबफ के नेतृत्व में अमेरिका के साथ शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान जा रहे एक ईरानी प्रतिनिधिमंडल के जहाज का। युद्ध के ये अवशेष इस्लामाबाद जाने वाली पहली कतार में थे, जो मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष की मानवीय कीमत बयां कर रहे थे।

सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर करते हुए गालिबाफ ने लिखा, ‘इस फ्लाइट में मेरे साथी #Miban168’। एक्स पर साझा की गई तस्वीर में गालिबाफ बच्चों की तस्वीरों और उनके सामान को देखते हुए नजर आ रहे हैं।

अमेरिका के साथ शांति वार्ता और बातचीत के लिए इस्लामाबाद जा रहे इस प्रतिनिधिमंडल का नाम ‘मिनाब 168’ रखा गया है। इस प्रतिनिधिमंडल को यह नाम युद्ध के पहले दिन अमेरिका-इजरायल के हमले में मारे गए स्कूली बच्चों की याद में दिया गया है। इस प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य युद्ध को समाप्त करना है।

दक्षिण अफ्रीका में ईरानी दूतावास ने इस तस्वीर को दोबारा साझा करते हुए लिखा, ‘हम मिनाब के बच्चों को कभी नहीं भूलेंगे, कभी नहीं।

मिनाब में क्या हुआ था?

ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमलों के पहले दिन कथित तौर पर 160 से अधिक बच्चे मारे गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला युद्ध के पहले दिन, 28 फरवरी को, दक्षिणी ईरान के मिनाब शहर में लड़कियों के एक प्राथमिक विद्यालय ‘शजारेह तैय्यिबेह स्कूल’ पर हुआ था।

इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान की शांति वार्ता

अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल आज इस्लामाबाद में शांति वार्ता और तेहरान के 10 सूत्रीय संघर्ष विराम प्रस्ताव पर बातचीत के लिए मिलने वाले हैं। ईरान की तरफ से स्पीकर गालिबफ इस बातचीत का नेतृत्व करेंगे, उनके साथ अरागची और 12 अन्य लोग भी होंगे। ईरानी टीम शनिवार सुबह पाकिस्तान पहुंची, जहां विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार, नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज सादिक, सेना प्रमुख, फील्ड मार्शन आसिम मुनीर और गृह मंत्री सैयद मोहसिन रजा नकवी ने उनका स्वागत किया।

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी होंगे। इसके साथ ही वे 2011 में जो बाइडेन के बाद पाकिस्तान का दौरा करने वाले पहले उपराष्ट्रपति भी बन जाएंगे।

Related Articles