ऑटो चालक का बेटा बना असिस्टेंट कमिश्नर, UPPCS परीक्षा में सफलता हासिल कर लहराया परचम

- Advertisement -

जौनपुर(एजेंसी):मेधा की दृष्टि से उर्वरा मानी जाने वाली सीराज ए हिंद जौनपुर की धरती ने एक बार फिर अपना परचम फहरा दिया है। यूपी पीसीएस की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफल होकर मेधावियों ने जिले का मान बढ़ाया है। सुखद यह भी है कि इन सफल मेधावियों में आधी आबादी ने संख्या की दृष्टि से पुरुषों को बराबर का टक्कर दिया है।

इस परीक्षा में उत्तीर्ण मिठाई विक्रेता, कोटेदार, ऑटो रिक्शा चालक के बेटों ने यह साबित कर दिया है प्रतिभा किसी चीज की मोहताज नहीं होती तो सुजानगंज में ननद-भौजाई ने सफलता का परचम लहराया है।

ऑटो चालक का बेटा बना असिस्टेंट कमिश्नर

मुंगराबादशाहपुर में तरहटी गांव निवासी मुंबई में ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार को पालने वाले अवधेश शुक्ला के पुत्र करुणा सागर शुक्ला का चयन वाणिज्य कर विभाग में सह आयुक्त पद पर हुआ है। उन्हें यह सफलता तीसरे प्रयास में मिली है।

सपने में नहीं सोचा था बेटा बड़ा अफसर बनेगा

चंदवक में खुज्झी मोड़ निवासी मिठाई विक्रेता सूरज मोदनवाल के पुत्र राजू मोदनवाल ने डिप्टी एसपी का पद हासिल किया है। उन्हें 11वीं रैंक मिली है। भावुक पिता सूरज मोदनवाल ने कहा कि सपने में भी नहीं सोचा था कि मेरा बेटा इतना बड़ा अफसर बनेगा। मिठाई की दुकान बंद हो चुकी है। अब कोल्डड्रिंक की एजेंसी ले रखी है।

बीडीओ के पद पर राजिता सिंह का चयन

केराकत में एसडी पब्लिक स्कूल हुरहुरी के डायरेक्टर राजेश सिंह एवं अध्यापिका रेखा सिंह की पुत्री राजिता सिंह ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन बीडीओ पद पर हुआ है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय स्तर पर प्राप्त की और आगे की पढ़ाई के दौरान भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

परिषदीय शिक्षक का पुत्र बना नायब तहसीलदार

बदलापुर के बेसहूपुर निवासी परिषदीय स्कूल में शिक्षक अजय कुमार सिंह के पुत्र हिमालय सिंह 82 वीं रैंक प्राप्त कर नायब तहसीलदार बने हैं। उन्होंने हाईस्कूल श्री बजरंग इंटर कालेज घनश्यामपुर से, इंटर कानपुर से तथा स्नातक इलाहाबाद विश्वविद्यालय तथा परास्नातक पूर्वांचल विश्वविद्यालय से किया।

प्रतिभा बनीं पंचायत राज अधिकारी

बदलापुर में श्री गणेशराम इंटर कॉलेज बटाऊबीर के प्रधानाचार्य अनिल कुमार यादव की भतीजी प्रतिभा यादव तीसरे प्रयास में पंचायत राज अधिकारी बनीं। प्रतिभा दिल्ली में रहकर तैयारी करती थी। इनके पिता शिवकुमार यादव पूर्व जेल अधीक्षक रहे हैं।

गुलरा के तारिक समद बने असिस्टेंट कमिश्नर

खुटहन क्षेत्र के गुलरा गांव निवासी तारिक समद ने चौथे प्रयास में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन असिस्टेंट कमिश्नर (वाणिज्य कर) पद पर हुआ है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई लखनऊ में करने के बाद उन्होंने दिल्ली से स्नातक की शिक्षा ग्रहण की।

विशाल सिंह का नाएब तहसीलदार पद पर चयन

सरपतहां में रामपुर गांव निवासी राजेंद्र सिंह के पुत्र विशाल सिंह का चयन नाएब तहसीलदार पद पर हुआ है। उन्हें तीसवीं रैंक मिली है। विशाल की इंटरमीडिएट तक की शिक्षा विश्वनाथ इंटर कालेज कलान सुल्तानपुर से तथा स्नातक ईश्वरशरण डिग्री कालेज प्रयागराज से हुई है। उन्होंने शिब्ली कालेज आजमगढ़ से ला की पढ़ाई भी की है।

कोटेदार का बेटा बना नायब तहसीलदार

जफराबाद में नगर पंचायत जफराबाद के कोटेदार हर्ष सिंह के पुत्र विनीत सिंह का नायब तहसीलदार पद पर चयन हुआ है। वह हरिहर सिंह पब्लिक स्कूल से हाईस्कूल, टीडी कालेज से इंटर तथा मुम्बई से बीटेक की शिक्षा ग्रहण करने के बाद प्रयागराज में यूपीपीसीएस की तैयारी में जुटे रहे।

Related Articles