नई दिल्ली(एजेंसी): खर्ग द्वीप पर अमेरिकी हमले के बाद इराक के बगदाद में अमेरिका के दूतावास पर मिसाइल से हमला किया गया है। इस बात की जानकारी न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से दी है।
इराकी सुरक्षा सूत्रों ने शनिवार को रॉयटर्स को बताया कि इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल हमला हुआ। सूत्रों ने बताया कि इस हमले के कारण दूतावास की इमारत से धुआं उठने लगा। हालांकि उन्होंने इससे हुए नुकसान के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
ईरानी मीडिया ने क्या कहा?
ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर ‘प्रेस टीवी’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, बगदाद में अमेरिकी दूतावास के ‘रडार सिस्टम’ को निशाना बनाने के लिए एक ‘सुसाइड ड्रोन’ का इस्तेमाल किया गया। ‘इराकी सूत्रों’ का हवाला देते हुए रिपोर्ट में बताया गया कि इस मिशन का मुख्य निशाना दूतावास परिसर के भीतर स्थित इलेक्ट्रॉनिक पहचान उपकरण थे।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, एक मिसाइल हमले में दूतावास के “हेलीपैड” को भी निशाना बनाया गया। इराकी अधिकारियों के अनुसार, मिसाइल ने परिसर के भीतर लैंडिंग क्षेत्र पर सफलतापूर्वक निशाना साधा।
कब हुआ दूतावास पर हमला?
वहीं, न्यूज एजेंसी एएफपी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि बगदाद में ईरान समर्थित एक उग्रवादी समूह के दो लड़ाकों के मारे जाने के कुछ ही देर बाद यह हमला हुआ। दूतावास बगदाद के भारी सुरक्षा वाले ग्रीन जोन में स्थित है।
हमले से पहले दूतावास ने दी थी चेतावनी
यह साफ नहीं है कि इस हमले में कोई घायल हुआ है या नहीं। हमले से कुछ घंटे पहले दूतावास द्वारा जारी एक सुरक्षा अलर्ट में चेतावनी दी गई थी कि ईरान और उससे जुड़े आतंकवादी मिलिशिया समूह इराक में आम लोगों की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा हैं।
दूतावास ने चेतावनी दी, “अमेरिकी नागरिकों, अमेरिकी हितों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने वाले हमले देखे गए हैं। इन समूहों ने अमेरिकी कंपनियों और संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा संचालित ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर भी हमले किए हैं और संभावना है कि वे उन्हें निशाना बनाना जारी रखेंगे।”





































