क्या है क्विक वॉटरिंग सिस्टम? गर्मी से पहले यात्रियों को बड़ी सहूलियत देने की तैयारी कर रहा रेलवे

- Advertisement -

रायबरेली(एजेंसी):शहर के रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में पानी भरने के लिए क्विक वाटरिंग सिस्टम लगाने का काम चल रहा है। सिस्टम के लिए एक महीने पहले बोरिंग कराई जा चुकी है। अब वाटर टैंक बनाने का काम को पूरा कर लिया गया है। मार्च के अगले सप्ताह में प्लेटफार्मों तक पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कराया जाएगा।

सिस्टम तैयार होने के बाद ट्रेनों में पानी खत्म होने की समस्या दूर होगी। अगर रास्ते में ट्रेन की बोगियों का पानी खत्म हो जाएगा तो उन्हें महानगरों के स्टेशन पहुंचने का इंतजार नहीं करना होगा, बल्कि रायबरेली में ही यह सुविधा मिल जाएगी।

रेलवे और जल निगम के बीच समझौता

लखनऊ मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर क्विक वाटरिंग सिस्टम लगाने के लिए रेलवे और जल निगम के बीच समझौता हुआ है। इसमें रायबरेली स्टेशन भी चयनित है। इसीलिए रायबरेली स्टेशन पर रेलवे अस्पताल के पीछे खाली जगह पर क्विक वाटरिंग सिस्टम लगाने के लिए जल निगम काम करा रहा है।

बोरिंग का काम पूरा करा लिया गया है। इस समय वाटर पंप तैयार करा रहे हैं। बोरिंग के पास ही भूमिगत वाटर टैंक बनाने का काम गुरुवार को पूरा हो गया है। इससे पर्याप्त मात्रा में हर समय जल उपलब्ध रहेगा। बार-बार पंप चलाने की जरूरत नहीं होगी और न ही पानी खत्म होने की समस्या आएगी।

इसके बाद पाइप लाइन बिछाने का काम अगले सप्ताह शुरू कराया जाएगा। स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी, ताकि किसी भी प्लेटफार्म पर ट्रेनों के रुकते ही उनकी बोगियों में पानी भरा जा सके।

गर्मी में अक्सर पानी खत्म होने के कारण ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को दिक्कत होती है। कैरिज एवं वैगन विभाग के इंचार्ज एके यादव का कहना है कि क्विक वाटरिंग सिस्टम लगाने का काम चल रहा है। वाटर टैंक का काम पूरा कर लिया गया है। इसी माह के अगले सप्ताह पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू किया जाएगा।

Related Articles