बुधवारी को मॉडल बाजार के रूप में विकसित करने की कवायद  बाजार को सुरक्षित रखने खड़ी की जा रही चार दीवारी

- Advertisement -
कोरबा@M4S:नगर विकास के तहत शहर में सीएसईबी चौक से लेकर बुधवारी बाजार होते आईटीआई चौक समेत कोसाबाड़ी, सुभाष चौक व घंटाघर के क्षेत्र को नगर निगम संवार रहा है। योजना के तहत शहर के मध्य स्थित बुधवारी बाजार की सौंदर्यता को बढ़ाकर मॉडल बाजार के रूप में विकसित करने की कवायद चल रही है।
इसके तहत बाजार के चारों ओर हो चुके ठेले-गुमटी के अतिक्रमण से मुक्त कराने और बाजार को सुरक्षित रखने चार दीवारी खड़ी की जा रही है। इसके साथ ही ठेला-गुमटी लगाने वालों की टेंशन बढ़ गई है, क्योंकि जो ठेला-गुमटी पहले बाजार के बाहर मुख्य मार्ग के किनारे नजर आते थे, वे दीवार के पीछे ढंक गए हैं, ग्राहकों का पहुंचना वहां तक मुश्किल हो गया है। हालांकि चार दीवारी बनने के बाद सड़क किनारे अतिक्रमण कर लगने वाले ठेले-गुमटी नजर नहीं आएंगे, बल्कि वाहनों के पार्किंग के लिए उक्त स्थान का उपयोग हो सकेगा। ठेले-गुमटी को बुधवारी बाजार के पार्किंग क्षेत्र में बन रहे वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाएगा, जिसके बाद बाजार भी व्यवस्थित नजर आएगा और अतिक्रमण करके वर्षों से ठेले-गुमटी लगाकर कारोबार करने वालों को वेंडिंग जोन में व्यवस्थित जगह मिल जाएगी। बाजार के आसपास मुख्य मार्ग के किनारे लोगों की अनावश्यक भीड़ नहीं रहेगी। बुधवारी बाजार के आसपास लगातार सौंदर्यीकरण व साफ-सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है। पहले फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए ग्रील लगाकर उसे कलरफुल किया गया। वहीं अब दीवारों पर वॉल पेंटिंग के जरिए सजाया जा रहा है। वहीं वीरान पड़े फुट ओवरब्रिज (एफओबी) में आकर्षक लाइटिंग की गई है, जिससे रात में क्षेत्र का सौंदर्यीकरण बढ़ा हुआ नजर आता है।

Related Articles