नई दिल्ली(एजेंसी):आईफोन को लेकर यूजर्स में एक अलग ही क्रेज देखने को मिलता है। स्टेटस सिंबल की बात हो या डिवाइस में मिलने वाले एडवांस फीचर्स की, हर स्मार्टफोन यूजर की चाहत आईफोन खरीदने की होती है। हजारों रुपये में आने वाले इस प्रीमियम डिवाइस की बोली अगर लाखों नहीं बल्कि करोड़ों में लगे तो आपका ध्यान भी एक पल के लिए इस ओर आएगा।
दरअसल, ऐसा ठीक एपल आईफोन के एक फैक्टरी सील्ड मॉडल के साथ हुआ है। यह साल 2007 का ऑरिजनल आईफोन है, जिसे खरीदने के लिए इसकी करोड़ों में बोलियां लगी हैं।
साल 2007 के फैक्ट्री सील्ड आईफोन को खरीदने के लिए बोली लगाई गई थी। नीलामी में आईफोन की सबसे ऊंची बोली $158,644 लगी है। आईफोन की यह कीमत भारतीय करेंसी में 1,29,80,000 रुपये है।
साल 2007 का आईफोन मॉडल क्यों है खास
दरअसल, यह नीलामी LCG Auction द्वारा रखी गई है। यह साल 2007 का रेयर मॉडल है, जिसे कंपनी ने केवल शुरुआती कुछ महीने ही बनाया था। कुछ महीनों के बाद एपल ने डिवाइस का प्रोडक्शन बंद कर दिया। वहीं, इस डिवाइस को बीते महीने जून से ही नीलामी के लिए पेश किया गया है।
एपल आईफोन के इस मॉडल के लिए नीलामी 10 हजार डॉलर से शुरू हुई थी। 10 हजार डॉलर के बाद 42 हजार डॉलर और 67 हजार डॉलर की बोली लगने के बाद डिवाइस की सबसे ऊंची बोली और आखिरी कीमत 1,58,644 डॉलर तय हुई है।
आईफोन के 4जीबी मॉडल के ऑरिजनल कीमत की बात करें तो यह 499 डॉलर है, जबकि फैक्ट्री सील्ड डिवाइस 318 गुना ज्यादा कीमत पर बिकना तय हुआ है।






































