कोरबा@M4S:जिले के कटघोरा व कोरबा वनमंडल में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। कटघोरा वनमंडल के जटगा रेंज अंतर्गत मुकुवा क्षेत्र में स्थित पहाड़ में 51 हाथी पिछले कई दिनों से विचरण कर रहे हैं। कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में एक दंतैल हाथी सेंद्रीपाली के आसपास जंगल में डेरा डाले हुए है। सेंद्रीपाली में मौजूद दंतैल हाथी लगातार उत्पात मचाकर ग्रामीणों व वन विभाग के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। हाथी ग्रामीणों की बाड़ी में प्रवेश कर वहां लगे सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। यह सिलसिला विगत एक सप्ताह से जारी है। वहीं मुकुवा क्षेत्र में बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी के बावजूद बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है। हाथियों का दल दिन भर पहाड़ पर विश्राम करता है और शाम होने के बाद विचरण करने लगता है। पहाड़ पर स्थित जंगल में चारा चरने के बाद थोड़ी देर के लिए क्षेत्र में स्थित तालाबों में पानी पीने के बाद पुन: पहाड़ी का रुख कर जाते हैं। हाथियों को मुकुवा क्षेत्र का पहाड़ भा गया है इसलिए वे काफी दिनों से यहां पर जमे हुए हैं। वन विभाग भी हाथियों की निगरानी में जुटा हुआ है।
मुकुवा पहाड़ के जंगल में 51 हाथियों ने डाला डेरा सेंद्रीपाली में मौजूद दंतैल का नहीं थम रहा उत्पात






