नई दिल्ली(एजेंसी):ऑस्कर विजेता एआर रहमान ने हाल ही में कुछ चौंकाने वाले बयान दिए हैं। एआर रहमान का कहना है कि हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री में ऐसी गैंग है जो उनके बारे में अफवाहें फैलाती रहती है और इससे उन्हें काम मिलने में दिक्कतें होती हैं। दरअसल, हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान रहमान ने पूछा गया कि वह हिन्दी फिल्मों में उतना काम क्यों नहीं करते जितना की तमिल सिनेमा में करते हैं तो उन्होंने कहा, ‘मैं अच्छी फिल्मों के लिए कभी मना नहीं करता, लेकिन मुझे लगता है कि ऐसी गैंग है जो कुछ गलतफहमी की वजह से गलत अफवाहें फैलाते हैं’।
एक हाल ही के इंसिडेंट के बारे में बताते हुए रहमान ने कहा, ‘जब मुकेश छाबड़ा(दिल बेचारा के डायरेक्टर) मेरे पास आए तो मैंने उन्हें 2 दिन में 4 गानें दिए। उन्होंने मुझसे कहा, सर कितने लोगों ने मुझे कहा कि एआर रहमान के पास मत जाओ और उन्होंने मुझे कई कहानियां सुनाईं’।
रहमान ने कहा, ‘मुकेश की बातों को सुनने के बाद मुझे समझ आया कि क्यों मुझे कम काम मिल रहा है। मैं डार्क फिल्में कर रहा हूं क्योंकि एक पूरा ग्रुप मेरे खिलाफ काम कर रहा है’।
रहमान ने आगे कहा, ‘लोग चाहते हैं मैं उनके लिए काम करूं, लेकिन वहीं एक गैंग है जो ये सब होने से रोक रही है। लेकिन ठीक है क्योंकि मैं भाग्य पर विश्वास करता हूं और मुझे लगता है कि सब आपके पास भगवान की तरफ से आता है इसलिए मैं अपनी फिल्में कर रहा हूं। आप सभी का मेरे पास स्वागत है। आप सुंदर फिल्में बनाएं और मेरे पास आएं’।
बता दें कि रहमान ने स्वदेश, दिल से, गुरू और रॉकस्टार जैसी फिल्मों में शानदार म्यूजिक दिया है। हाल ही में उन्होंने फिल्म 99 सॉन्ग्स को लिखा और प्रोड्यूस किया है। इसके अलावा हाल ही में सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म दिल बेचारा में भी एआर रहमान ने म्यूजिक दिया है जिसे फैन्स ने काफी पसंद किया है।





































