न्यूयॉर्क(एजेंसी):एलन मस्क की कंपनी ‘स्पेसएक्स’ के शेयर बाजार में ऐतिहासिक डेब्यू ने कंपनी के हजारों कर्मचारियों की जिंदगी बदल दी है। कर्मचारी शेयर ओनरशिप की वजह से कंपनी में काम करने वाले एक साधारण पूर्व वेल्डर, जुआन हर्नांडेज, आज करोड़पति बन चुके हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, जुआन हर्नांडेज ने साल 2015 में एक दोस्त के कहने पर स्पेसएक्स में बतौर वेल्डर काम शुरू किया था। उस समय उन्हें कंपनी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी और वे इसे सिर्फ एक आम कॉन्ट्रैक्ट जॉब की तरह देख रहे थे।
75 अरब डॉलर के IPO ने चमकाई किस्मत
स्पेसएक्स ने हाल ही में शेयर बाजार में कदम रखते हुए अब तक का सबसे बड़ा लगभग 7.13 लाख करोड़ रुपये का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) पूरा किया। जुआन हर्नांडेज ने ब्लू ओरिजिन कंपनी में जाने से पहले स्पेसएक्स में लगभग 10 साल काम किया था।
इस दौरान उन्हें कंपनी की तरफ से शेयर मिले थे और आज उनके पास स्पेसएक्स के लगभग 6,500 शेयर्स हैं। बाजार में एंट्री के बाद स्पेसएक्स का एक शेयर लगभग 15,308 रुपये पर बंद हुआ। इस हिसाब से हर्नांडेज के शेयरों की कीमत लगभग 9.95 करोड़ रुपये हो चुकी है।
शुरुआत में नहीं दिया था ध्यान
हर्नांडेज ने बताया कि जब 2015 में उन्हें नौकरी पर रखा गया था, तब कंपनी ने उन्हें लगभग करीब 9.5 लाख रुपये के शेयर ऑफर किए थे। उन्होंने कहा कि शुरुआत में मैंने इस ऑफर पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया, क्योंकि इससे पहले मुझे किसी भी नौकरी में कंपनी के शेयर्स नहीं मिले थे।
स्पेसएक्स में अपने सफर के दौरान हर्नांडेज ने लॉन्च इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने में मदद की और बाद में वे एक सुपरवाइजर के पद तक पहुंचे। उनका मानना है कि जब कर्मचारियों को कंपनी में हिस्सेदारी (शेयर) मिलती है, तो उनमें जिम्मेदारी की भावना बढ़ती है, क्योंकि वे सीधे कंपनी की सफलता से जुड़ जाते हैं।
बच्चों को सिखाएंगे निवेश के गुर
करोड़पति बनने के बाद भी हर्नांडेज के पैर जमीन पर हैं। उन्होंने कहा कि उनका काम रोकने का कोई इरादा नहीं है। इसके बजाय, वे इस पैसे का इस्तेमाल अपने बच्चों को निवेश और लॉन्ग-टर्म फाइनेंशियल प्लानिंग सिखाने के लिए करना चाहते हैं। उन्होंने अपनी टीनएज बेटी को अभी से शेयर बाजार के बारे में सीखना शुरू करने के लिए प्रेरित किया है।
स्पेसएक्स के IPO ने रचा इतिहास
गौरकतलब है कि नास्डैक पर स्पेसएक्स की इस धमाकेदार लिस्टिंग ने इतिहास का सबसे बड़ा IPO होने का गौरव हासिल किया है। इस लिस्टिंग से जहां एक तरफ कंपनी के मालिक एलोन मस्क की संपत्ति में भारी बढ़ोतरी हुई है, वहीं दूसरी तरफ कंपनी में काम करने वाले हजारों आम कर्मचारी भी रातों-रात करोड़पति बन गए हैं।
हर्नांडेज ने इस मौके के लिए आभार जताते हुए कहा कि कंपनी की इस सफलता ने आम कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए जिंदगी बदलने वाले वित्तीय अवसर पैदा किए हैं।






