कोरबा@M4S:जिले के करतला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम खरहरकुड़ा जंगल, सोहागपुर विद्युत फीडर क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा खुलासा हुआ, जब दो व्यक्तियों को करंट प्रवाहित तार बिछाकर जंगली सूअर मारने के आरोप में ग्रामीणों और विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पकड़ लिया। इसमें चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद विभागीय जेई व उनके अधीनस्थ कर्मचारियों ने ग्रामीणों की आपत्तियों को दरकिनार कर आरोपियों को सिर्फ समझाइश देकर छोड़ दिया। ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट तार बिछाकर शिकार करने वाले दोनों लोग पास के पहाडग़ांव और मुकुंदपुर से करीब 4 से 5 किलोमीटर दूर से आए थे। ग्रामीणों ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से करंट बिछाकर जंगली सुअरों का शिकार कर रहा है। इसकी वजह से जानवरों और इंसानों दोनों की जान पर खतरा मंडराता रहता है। हाल ही में करंट की चपेट में आने से आधा दर्जन से ज्यादा मवेशियों की मौत भी हो चुकी है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारी गंभीर अपराध को हल्के में लेकर आरोपियों को पुलिस के हवाले करने के बजाय छोडक़र चले गए। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने बार-बार मांग की कि आरोपियों को पुलिस के हवाले किया जाए ताकि उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही हो सके, लेकिन जेई और उनकी टीम ने किसी की एक न सुनी।





































