कोरबा@M4S:जटगा चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह नेशनल हाईवे-130 पर सडक़ किनारे खराब खड़ा ट्रेलर तीन वाहनों की भिड़ंत की वजह बन गया। सरिया लोड ट्रेलर को पीछे से आ रहे भारी वाहन ने टक्कर मारी। इसके कुछ देर बाद पीछे से आया तीसरा वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा भिड़ा। हादसे में तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि एक चालक घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सरिया लोड ट्रेलर खराब होने के कारण सडक़ किनारे खड़ा था। सुबह करीब 7 बजे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार भारी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आए तीसरे वाहन की भी दोनों वाहनों से भिड़ंत हो गई। घायल चालक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन वाहनों की टक्कर के बाद एन एच -130 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। चार पहिया वाहनों के साथ भारी वाहन और यात्री बसें भी जाम में फंस गईं। कई बसों में यात्री घंटों तक बैठे रहे। सूचना मिलते ही जटगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने में जुट गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हाईवे पर यातायात सामान्य बताया जा रहा है।
खराब वाहनों के लिए सुरक्षा इंतजाम पर सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे की देखरेख करने वाली एजेंसी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सडक़ पर खराब होकर खड़े वाहनों के लिए पर्याप्त साइन बोर्ड, इंडिकेटर और चेतावनी संकेत लगाए जाने चाहिए। साथ ही नियमित पेट्रोलिंग की भी जरूरत है। उनका कहना है कि हाईवे पर खराब वाहनों के कारण पहले भी हादसे होते रहे हैं। रविवार की घटना ने एक बार फिर हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खराब ट्रेलर से भिड़े दो वाहन, NH130 पर 4 घंटे जाम सरिया लोड ट्रेलर सडक़ किनारे खड़ा था, पीछे से आए भारी वाहनों ने मारी टक्कर, एक चालक घायल
- Advertisement -





















































