नई दिल्ली(एजेंसी):कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की वजह से दिल की बीमारियां, हाई ब्लड प्रेशर और स्ट्रोक का खतरा काफी बढ़ जाता है। अक्सर लोग सोचते हैं कि कोलेस्ट्रॉल सिर्फ अनहेल्दी डाइट या जेनेटिक कारणों से बढ़ता है, लेकिन ऐसी कई छोटी-छोटी आदतें (Habits Which Increase Cholesterol) भी हैं जो धीरे-धीरे कोलेस्ट्रॉल लेवल को बढ़ा देती हैं।
हो सकता है कि आपमें भी ये आदतें हो, लेकिन आप इस बारे में जानते न हो। आइए जानते हैं कौन सी हैं वो आदतें, जो कोलेस्ट्रॉल बढ़ा सकती है।
प्रोसेस्ड फूड ज्यादा खाना
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग प्रोसेस्ड और पैक्ड फूड पर ज्यादा निर्भर हो गए हैं। चिप्स, बिस्कुट, इंस्टेंट नूडल्स और फ्रोजन फूड में ट्रांस फैट और हाई सोडियम की मात्रा ज्यादा होती है, जो खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को बढ़ाता है। इनकी जगह ताजे फल, सब्जियां और साबुत अनाज को डाइट में शामिल करना चाहिए।
फिजिकल एक्टिविटीज की कमी
लंबे समय तक बैठे रहना या एक्सरसाइज न करना भी कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का एक बड़ा कारण है। फिजिकल इनएक्टिविटी से मेटाबॉलिज्म स्लो हो जाता है, जिससे फैट जमा होने लगता है। रोजाना कम से कम 30 मिनट की वॉक, योग या कोई भी फिजिकल एक्टिविटी करने से अच्छा कोलेस्ट्रॉल (HDL) बढ़ता है और गंदा कोलेस्ट्रॉल कम होता है।
स्मोकिंग और शराब पीना
सिगरेट और शराब कोलेस्ट्रॉल लेवल को प्रभावित करते हैं। स्मोकिंग से आर्टरीज कमजोर होती हैं और HDL लेवल कम हो जाता है। वहीं, ज्यादा शराब पीने से लिवर पर दबाव पड़ता है, जिससे कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का खतरा रहता है।
स्ट्रेस लेना
स्ट्रेस भी कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। जब हम तनाव में होते हैं, तो शरीर कोर्टिसोल हार्मोन रिलीज करता है, जो फैट और शुगर मेटाबॉलिज्म को प्रभावित करता है। इससे LDL कोलेस्ट्रॉल बढ़ सकता है। मेडिटेशन, डीप ब्रीदिंग और पूरी नींद लेकर तनाव को कम किया जा सकता है।
नींद की कमी
कम सोना या अनियमित नींद भी कोलेस्ट्रॉल लेवल को प्रभावित करती है। जो लोग 6 घंटे से कम सोते हैं, उनमें गुड कोलेस्ट्रॉल कम और बैड कोलेस्ट्रॉल ज्यादा पाया जाता है। इसलिए रोजाना 7-8 घंटे की अच्छी नींद लेना जरूरी है।
ज्यादा मीठा खाना
चीनी और मीठी चीजें ज्यादा खाने से न सिर्फ वजन बढ़ाता है, बल्कि यह ट्राइग्लिसराइड्स को भी बढ़ाता है, जो कोलेस्ट्रॉल को प्रभावित करता है। मिठाई, कोल्ड ड्रिंक्स और प्रोसेस्ड शुगर की जगह शहद या गुड़ खाना बेहतर है।
हेल्दी फैट्स को नजरअंदाज करना
कई लोग सोचते हैं कि सारे फैट्स हानिकारक होते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। एवोकाडो, नट्स, ऑलिव ऑयल और फिश ऑयल में मौजूद हेल्दी फैट्स (ओमेगा-3) शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं और गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाते हैं।





































