नई दिल्ली(एजेंसी):जब बात अनार को छीलने की आती है, तो अच्छे-अच्छों की हिम्मत जवाब दे जाती है। हाथ गंदे होना, नाखूनों में लाल रंग फंसना और पूरे किचन काउंटर पर रस के छींटे उड़ना, यही वजह है कि कई लोग अनार खाने से ही कतराते हैं।
अनार छीलने का स्मार्ट तरीका
इस आसान तरीके को अपनाने के लिए आपको बस एक चाकू, एक बड़ा कटोरा और एक लकड़ी के चम्मच की जरूरत है:
- ऊपरी हिस्सा काटें: सबसे पहले अनार को अच्छी तरह धो लें। अब चाकू की मदद से अनार के ऊपर वाले हिस्से को गोल आकार में सावधानी से काट कर निकाल लें।
- कट्स लगाएं: ताज हटाने के बाद आपको अनार के अंदर सफेद रंग की झिल्लियां दिखाई देंगी। चाकू से इन्हीं सफेद लाइनों के ठीक ऊपर ऊपर से नीचे तक हल्के चीरे लगाएं। ध्यान रहे कि कट सिर्फ छिलके पर लगे, दानों पर नहीं।
- फूल की तरह खोलें: अब अपने दोनों हाथों से अनार को उन कट्स के सहारे हल्का सा खींचें। आपका अनार किसी खिले हुए फूल की तरह अलग-अलग हिस्सों में बंट जाएगा और बीच का सफेद हिस्सा आसानी से निकल जाएगा।
- चम्मच से थपथपाएं: अब एक बड़ा कटोरा लें। अनार के एक-एक हिस्से को उल्टा करके कटोरे के ठीक ऊपर पकड़ें और लकड़ी के चम्मच से अनार के छिलके पर पीछे की तरफ थपथपाएं।
बस देखते ही देखते जादू की तरह सारे लाल-लाल दाने सीधा कटोरे में गिर जाएंगे। न कोई गंदगी मचेगी और न ही आपके हाथों पर दाग लगेगा।
पानी वाला तरीका भी कर सकते हैं इस्तेमाल
अगर आप चाहते हैं कि दानों के साथ आने वाली सफेद झिल्ली भी आसानी से अलग हो जाए, तो दानों को पानी से भरे कटोरे में निकालें। अनार की सफेद झिल्ली हल्की होती है, इसलिए वह पानी के ऊपर तैरने लगेगी और भारी दाने नीचे बैठ जाएंगे। बस छलनी से कचरा ऊपर से निकाल लें और दानों को छान लें।





















































